India vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला बड़ौदा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है और न्यूजीलैंड की टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है. ढाई महीने बाद भारत की ODI प्लेइंग इलेवन में बेहतरीन मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है. इसके अलावा गर्दन की इंजरी की वजह से साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहे कप्तान शुभमन गिल की भी वापसी हुई है.
ढाई महीने बाद ODI की Playing XI में लौटा ये खूंखार बल्लेबाज
श्रेयस अय्यर ने अपना पिछला ODI मैच ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 25 अक्टूबर 2025 को सिडनी में खेला था. इस मैच में फील्डिंग करते समय श्रेयस अय्यर को स्प्लीन में गंभीर चोट लगी थी. हालांकि अब श्रेयस अय्यर ने पूरी तरह फिट होकर ढाई महीने बाद भारत की ODI प्लेइंग इलेवन में वापसी की है. श्रेयस अय्यर गेंदबाजों पर हावी होकर खेलने में सक्षम हैं. वह परिस्थितियों के अनुसार पारी संवारना जानते हैं. चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के कारण श्रेयस अय्यर टॉप ऑर्डर और लोअर ऑर्डर के बीच अहम कड़ी बन जाते हैं.
भारत को अकेले दम पर जिता सकता है मैच
मिडिल ऑर्डर में श्रेयस अय्यर जिस तरह बैटिंग करते हैं, उससे वह विरोधी टीम के लिए काल बन जाते हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI मैच में श्रेयस अय्यर भारतीय टीम को अकेले दम पर जीत दिलाने का माद्दा रखते हैं. श्रेयस अय्यर ने टीम इंडिया के लिए अभी तक 73 ODI मैचों में 47.82 की औसत और 99.02 की स्ट्राइक रेट से 2917 रन बनाए हैं. श्रेयस अय्यर ने वनडे इंटरनेशनल में 5 शतक और 23 अर्धशतक जड़े हैं. श्रेयस अय्यर का वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में हाईएस्ट स्कोर 128 रन है.
शुभमन गिल ने टॉस पर क्या कहा?
टॉस जीतने के बाद शुभमन गिल ने कहा, ‘हम पहले गेंदबाजी करेंगे. हम प्लेइंग इलेवन में अलग-अलग कॉम्बिनेशन ट्राई करने की कोशिश करेंगे और देखेंगे कि कौन सा हमारे लिए सबसे अच्छा है. ओस में गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण होता है, बल्लेबाजी आसान होती है. कुछ खिलाड़ी विजय हजारे ट्रॉफी में खेल कर आ रहे हैं और अच्छी फॉर्म में हैं. टीम में माहौल अच्छा है. हम 6 गेंदबाज के साथ जा रहे हैं. सुंदर, जडेजा और कुलदीप स्पिनर होंगे. सिराज, प्रसिद्ध और हर्षित के रूप में तीन तेज गेंदबाज टीम में हैं.’
भारत की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.