India vs New Zealand 1st ODI: वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 301 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे भारत ने छह गेंदें रहते 306 रन बनाकर हासिल कर लिया. भारत के लिए इस जीत की नींव विराट कोहली ने रखी, जिन्होंने रोहित शर्मा (26) के आउट होने के बाद शुभमन गिल (56) के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए 93 रन की पारी खेली. गिल के आउट होने के बाद कोहली ने श्रेयस अय्यर (49) के साथ भी अच्छी पार्टनरशिप करते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया. कोहली और अय्यर के विकेट लेकर न्यूजीलैंड ने मैच में वापसी जरूर की, लेकिन हर्षित राणा के 29 रन और अंत में केएल राहुल की नाबाद 29 रन की पारी से भारत ने मुकाबला नाम कर लिया. न्यूजीलैंड के लिए काइल जेमिसन ने अच्छी गेंदबाजी की और चार विकेट चटकाए.
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन अर्धशतकों के दम पर न्यूजीलैंड ने आठ विकेट खोकर 300 रन का स्कोर बनाया था. डेरिल मिचेल, डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं. कॉनवे (56) और निकोल्स (62) ने शानदार शुरुआत दिलाते हुए अर्धशतक ठोके और पहले विकेट के लिए 117 रन की बड़ी साझेदारी की. इसके बाद भारत ने वापसी जरूर की, लेकिन फिर मिचेल ने पांच चौके और तीन छक्कों वाली अपनी 84 रन की पारी से न्यूजीलैंड को 300 रन तक पहुंचाया. इन तीनों के अलावा विल यंग (12), ग्लेन फिलिप्स (12), मिचेल हे (18), माइकल ब्रेसवेल (16) सस्ते में आउट हुए. क्रिश्चियन क्लार्क ने नाबाद 24 रनों का योगदान दिया. भारत के लिए मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट चटकाए. कुलदीप यादव को एक सफलता मिली.
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जैकरी फाउल्क्स, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, आदित्य अशोक.
January 11, 202621:38 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: भारत ने न्यूजीलैंड को हराया, राहुल ने जड़ा विनिंग सिक्स
भारत ने न्यूजीलैंड को इस मुकाबले में चार विकेट से शिकस्त दी है. रोमांचक मोड़ पर पहुंचे मुकाबले में केएल राहुल ने 49वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई. 301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 6 गेंद रहते छह विकेट के नुकसान पर 306 रन बनाकर जीत दर्ज की. केएल राहुल ने 29 रन की नाबाद पारी खेली. सुंदर सात रन बनाकर नॉटआउट रहे.
January 11, 202621:24 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: भारत ने गंवाया छठा विकेट
टीम इंडिया ने 279 रन पर अपना छठा विकेट खो दिया है. हर्षित राणा 23 गेंदों में 29 रन की पारी खेलकर आउट हुए. इस विकेट के बाद केएल राहुल पर दारोमदार आ गया है. उनका साथ देने वाशिंगटन सुंदर आए हैं.
January 11, 202620:51 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: भारत की आधी टीम पवेलियन में, स्कोर 242/5
भारत ने एक के बाद एक अपने पांच विकेट गंवा दिए हैं. टीम इंडिया ने विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, जडेजा सहित अपने टॉप ऑर्डर के पांच विकेट गंवा दिए हैं. टीम इंडिया ने 41 ओवर में 5 विकेट पर 242 रन बनाए हैं.
January 11, 202620:45 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: भारत का चौथा विकेट भी गिरा
जेमिसन ने भारत को एक ही ओवर में दो झटके देकर खलबली मचा दी है. उन्होंने पहले कोहली का विकेट चटकाया. इसके बाद रवींद्र जडेजा को आउट किया. जडेजा 4 रन बनाकर आउट हुए. इस विकेट तक भारत का स्कोर 239/4 है.
January 11, 202620:40 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: शतक से चूके कोहली, 93 रन बनाकर आउट
शतक के करीब आकर विराट कोहली आउट हो गए हैं. उनकी पारी 93 रन पर खत्म हुई. कोहली ने 91 गेंदों में यह रन बनाए, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा. काइल जेमिसन की बैक ऑफ लेंथ गेंद को कोहली ने मिड ऑफ के ऊपर से मारना चाहा, लेकिन गेंद फील्डर के हाथ में चली गई. माइकल ब्रेसवेल ने एक बेहतरीन कैच लपका. भारत का स्कोर 237/3 है. जीत के लिए यहां से 62 गेंदों में 64 रन चाहिए. श्रेयस अय्यर 47 रन पर नाबाद हैं, जबकि उनका साथ देने रवींद्र जडेजा आए हैं.
January 11, 202620:31 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: शतक के करीब कोहली
विराट कोहली शतक के करीब पहुंच चुके हैं. वह 91 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं. उनका साथ 45 रन बनाकर श्रेयस अय्यर दे रहे हैं. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी हो चुकी है. भारत का स्कोर 230/2 है. यहां से टीम इंडिया को मुकाबला जीतने के लिए 70 गेंद में 71 रन चाहिए.
January 11, 202619:41 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा
टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा है. शुभमन गिल अर्धशतक बनाकर आउट हो गए हैं. उन्होंने 56 रन की पारी खेली. गिल को भारतीय मूल के क्रिकेटर आदित्य अशोक ने आउट किया. गिल ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए. इस विकेट तक भारत का स्कोर 157/2 है. कोहली का साथ देने श्रेयस अय्यर आए हैं.
January 11, 202619:38 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: गिल का भी अर्धशतक, भारत का स्कोर 150 रन के पार
विराट कोहली के बाद शुभमन गिल ने भी अर्धशतक पूरा कर लिया है. गिल ने 66 गेंदों में यह फिफ्टी पूरी की. न्यूजीलैंड के खिलाफ 13 वनडे पारियों में यह गिल का पांचवां अर्धशतक है. गिल और कोहली के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है, जिससे टीम इंडिया का स्कोर 150 पार पहुंच गया है. भारत आसानी से जीत की ओर बढ़ रहा है.
January 11, 202619:29 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: कोहली ने ठोकी फिफ्टी
विराट कोहली ने वनडे में एक और अर्धशतक जमा दिया है. 22वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर सिंगल लेकर कोहली ने फिफ्टी पूरी की. कोहली ने 44 गेंदों में यह अर्धशतक बनाया. 22 ओवर के बाद भारत का स्कोर 131/1 है. शुभमन गिल भी अर्धशतक के करीब हैं. वह 44 रन बनाकर खेल रहे हैं.
January 11, 202619:20 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: कोहली ने संगाकारा को छोड़ा पीछे
कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट किए एक और मुकाम हासिल कर लिया है. वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं. उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगाकारा का रिकॉर्ड रिकॉर्ड तोड़ा, जिनके नाम 28016 रन दर्ज हैं. सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर के नाम हैं. उन्होंने 34357 रनों के साथ संन्यास लिया.
January 11, 202619:07 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: टीम इंडिया ने पूरे किए 100 रन
पारी के 17वें ओवर में भारत ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया है. विराट कोहली और शुभमन गिल बाउंड्रीज में डील कर रहे हैं. 17 ओवर के बाद स्कोर 108/1 है. कोहली 37 रन और गिल 34 रन पर नाबाद हैं. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हो चुकी है.
January 11, 202618:56 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: कोहली ने पूरे किए 28000 इंटरनेशनल रन
विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 28000 रन पूरे कर लिए हैं. पारी के 13वें ओवर में आदित्य अशोक की गेंद पर चौका लगाकर कोहली ने यह मुकाम हासिल किया. कोहली सबसे तेज 28000 इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड ध्वस्त किया. कोहली यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के सिर्फ तीसरे ही बल्लेबाज हैं. सचिन के अलावा श्रीलंका के कुमार संगाकारा ने ऐसा किया है.
January 11, 202618:43 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: रोहित शर्मा 26 रन बनाकर आउट, भारत को पहला झटका
काइल जेमिसन ने रोहित शर्मा को आउट कर भारत का पहला विकेट गिराया है. रोहित 29 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए. वह शानदार लय में दिख रहे थे, लेकिन बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में वह माइकल ब्रेसवेल को कैच थमा बैठे. रोहित की इस पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे. 9 ओवर के बाद भारत का स्कोर 39/1 है. शुभमन गिल का साथ देने विराट कोहली आए हैं.
January 11, 202618:31 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: रोहित शर्मा ने पूरे किए 650 छक्के, भारत की दमदार शुरुआत
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को दमदार शुरुआत दिलाई है. सात ओवर में टीम इंडिया का स्कोर 35/0 है. इस दौरान रोहित शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना 650वां छक्का भी लगाया. वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं.
January 11, 202617:59 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: रन चेज शुरू, रोहित-गिल क्रीज पर
टीम इंडिया ने 301 रन के लक्ष्य का पीछा करना शुरू कर दिया है. रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग के लिए आए हैं.
January 11, 202617:28 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: न्यूजीलैंड ने आठ विकेट खोकर बनाए 300 रन
न्यूजीलैंड ने भारत को यह मैच जीतने के लिए 301 रन का लक्ष्य दिया है. डेरिल मिचेल, डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स की अर्धशतकीय पारियों के दम पर कीवी टीम ने 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 300 रन का स्कोर खड़ा किया. मिचेल ने सबसे ज्यादा 84 रन बनाए. ओपनर हेनरी निकोल्स और डेवोन कॉनवे ने क्रमशः 62 और 56 रन की पारी खेली. डेब्यूटेंट क्रिश्चियन क्लार्क ने नाबाद 24 रनों का योगदान दिया. भारत के लिए मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट चटकाए. कुलदीप यादव को एक सफलता मिली.
January 11, 202617:19 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: डेरिल मिचेल 84 रन बनाकर आउट
डेरिल मिचेल की शानदार पारी 84 रन पर खत्म हो गई है. उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने पारी के 48वें ओवर में आउट किया. ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर मिचेल ने दो चौके और एक छक्का लगाकर 14 रन बटोरे थे. चौथी गेंद पर वापसी करते हुए प्रसिद्ध ने मिचेल को LBW कर दिया. यह न्यूजीलैंड का आठवां विकेट है. बोर्ड पर 281 रन लग चुके हैं.
January 11, 202616:52 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: न्यूजीलैंड के सात बल्लेबाज आउट
न्यूजीलैंड को सिराज ने सातवां झटका दिया है. सिराज ने जैकरी फॉक्स को चलता किया, जो सिर्फ एक रन ही बना सके. इससे पहले श्रेयस अय्यर के एक जबरदस्त थ्रो ने विपक्षी कप्तान माइकल ब्रेसवेल को पवेलियन भेज दिया था. ब्रेसवेल 16 रन बनाकर आउट हुए. डेरिल मिचेल एक छोर संभाले हुए हैं. वह अर्धशतक बनाकर खेल रहे हैं. 44 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 241/7 है. मिचेल 57 रन पर नाबाद हैं.
January 11, 202616:28 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: न्यूजीलैंड की आधी टीम आउट
न्यूजीलैंड की आधी टीम 198 रन पर आउट हो चुकी है. प्रसिद्ध कृष्णा ने मिचेल हे को बोल्ड कर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका दिया. मिचेल हे 13 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस पारी में दो चौके शामिल रहे. न्यूजीलैंड का स्कोर 38 ओवर के बाद 200/5 है.
January 11, 202616:06 IST
IND vs NZ 1st ODI Live Score: न्यूजीलैंड का चौथा विकेट गिरा, कुलदीप ने फिलिप्स को किया आउट
170 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड ने अपना चौथा विकेट गंवा दिया है. ग्लेन फिलिप्स को कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी के जाल में फंसाया. फिलिप्स 12 रन बनाकर आउट हुए. शानदार शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ा गई है. भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में दमदार वापसी की है. 34 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 173/4 है. डेरिल मिचेल (25*) और मिचेल हे (2*) क्रीज पर हैं.