India vs New Zealand: भारत ने साल 2026 की शुरुआत धमाकेदार जीत से की है. वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले को टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 300 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में भारत ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया. स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 93 रनों की कीमती पारी खेली. वो शतक से चूक गए और उनके आउट होते ही थोड़ी देर के लिए मैच का पासा पलट गया. भारत ने 7 गेंद के भीतर 3 विकेट गंवा दिए थे. उसके बाद संकटमोचक केएल राहुल और हर्षित राणा के बीच 37 रनों की अहम साझेदारी हुई. हर्षित 29 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन राहुल ने अंत तक नाबाद रहकर भारत को जीत दिला दी.
विराट कोहली ने जड़ा 77वां ODI शतक
शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली ने साल 2026 की शुरुआत भी धमाकेदार अंदाज में की. वो भले ही शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 93 रनों की पारी भारत के लिए बेहद कीमती साबित हुई. उन्होंने वनडे इंटरनेशनल में अपना 77वां अर्धशतक जड़ा. दिलचस्प बात ये है कि कोहली पिछले 5 पारियों से लगातार 50+ स्कोर कर रहे हैं.