शहडोल की सोहागपुर पुलिस की अभिरक्षा से चोरी का एक आरोपी कोर्ट परिसर से फरार हो गया। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरक्षकों को निलंबित कर दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
.
फैक्ट्री से चोरी का मामले में पकड़ा था
सोहागपुर थाना क्षेत्र के अनडहाई गांव में बंद पड़ी एक फैक्ट्री से कुछ दिन पहले लोहे का सामान चोरी हुआ था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अमरजीत बैगा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि उसने लोहे का सामान गोरतारा की एक कबाड़ दुकान में बेच दिया था।
आरोपी को कोर्ट में पेश करने से कुछ समय पहले की तस्वीर।
कोर्ट से परिसर से भागा आरोपी
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कबाड़ दुकान से चोरी किया गया सामान भी जब्त कर लिया। इसके बाद रविवार शाम को जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की गई।
आरोपी को आरक्षक हनुमान सिंह और मनोज बैगा न्यायालय लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर पुलिस को चकमा दिया और न्यायालय परिसर से फरार हो गया।
लापरवाही पर कार्रवाई, तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी भी की गई, लेकिन आरोपी नहीं मिला।
इसके बाद एसपी रामजी श्रीवास्तव ने आरोपी की अभिरक्षा में लापरवाही बरतने पर दोनों आरक्षक हनुमान सिंह और मनोज बैगा को निलंबित कर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।