53 साल के हुए राहुल द्रविड़, भारत की इस दीवार के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ना नामुमकिन के बराबर


टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ आज यानी 11 जनवरी को 53 साल के हो गए हैं. भारत की इस दीवार का पूरा नाम राहुल शरद द्रविड़ है. इस दिग्गज बल्लेबाज का जन्म 11 जनवरी 1973 को इंदौर में हुआ था. राहुल द्रविड़ ने भारत के लिए 344 वनडे मैचों में 39.17 की औसत से 10889 रन बनाए हैं, जिसमें 12 शतक और 83 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 153 रन रहा. राहुल द्रविड़ ने 164 टेस्ट मैचों में 52.31 की औसत से 13288 रन बनाए हैं, जिसमें 36 शतक और 63 अर्धशतक शामिल हैं. राहुल द्रविड़ के नाम टेस्ट क्रिकेट में 5 दोहरे शतक जड़ने का रिकॉर्ड भी दर्ज है.

53 साल के हुए राहुल द्रविड़

53 साल के राहुल द्रविड़ का टेस्ट क्रिकेट में बेस्ट स्कोर 270 रन है. राहुल द्रविड़ ने भारत के लिए 1 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेला है, जिसमें उन्होंने 31 रन बनाए हैं. ‘द वॉल’ के नाम से प्रसिद्ध द्रविड़ अपनी मजबूत तकनीक, धैर्य अनुशासन और विनम्र स्वभाव के लिए जाने जाते हैं. राहुल द्रविड़ टीम इंडिया के पूर्व कप्तान, धाकड़ बल्लेबाज और बेहतरीन कोच भी रह चुके हैं. राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता था.

Add Zee News as a Preferred Source


द्रविड़ के किस वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ना नामुमकिन?

भारत के महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने टेस्ट क्रिकेट में दुनिया में सबसे ज्यादा 31258 गेंदें खेली हैं. राहुल द्रविड़ के इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ना नामुमकिन के बराबर है. राहुल द्रविड़ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के महान बल्लेबाजों में से एक रहे हैं. राहुल द्रविड़ ने 1996 से लेकर साल 2012 तक अपने 16 साल लंबे इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के दौरान 24208 रन बनाए हैं, जिसमें 48 शतक भी शामिल हैं.

टेस्ट और ODI क्रिकेट में 10000 से ज्यादा रन बनाए

सचिन तेंदुलकर के बाद राहुल द्रविड़ ही भारत के ऐसे दूसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टेस्ट और ODI क्रिकेट में 10000 से ज्यादा रन बनाए हैं. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए राहुल द्रविड़ ने साल 1996 में अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी. राहुल द्रविड़ ने अपने करियर में 89 IPL मैच भी खेले, जिसमें 28.23 की औसत के साथ 2,174 रन बनाए. इस लीग में उनके नाम 11 अर्धशतक दर्ज हैं. राहुल द्रविड़ की कोचिंग में भारतीय अंडर-19 टीम ने 2018 अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता था, जबकि साल 2016 में यह टीम उपविजेता रही थी.



Source link