India vs New Zealand 1st ODI: भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे इंटरनेशनल मैच के लिए बड़ौदा क्रिकेट स्टेडियम के मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया है. विराट कोहली ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक प्रचंड रिकॉर्ड बना दिया है. विराट कोहली ने साथ ही पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को भी पीछे छोड़ दिया है. विराट कोहली भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने के मामले में अब सौरव गांगुली से आगे निकल गए हैं.
विराट कोहली ने बनाया प्रचंड रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ौदा क्रिकेट स्टेडियम के मैदान पर जारी यह मुकाबला विराट कोहली के वनडे इंटरनेशनल करियर का 309वां मैच है. विराट कोहली ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को पछाड़ दिया है, जिन्होंने देश के लिए कुल 308 ODI मैच खेले थे. इस लिस्ट में टॉप पर सचिन तेंदुलकर का नाम आता है. सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में सबसे ज्यादा 463 ODI मैच खेले हैं.
सौरव गांगुली को एक झटके में छोड़ दिया पीछे
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर 463 वनडे मैचों के साथ इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं. सचिन तेंदुलकर के बाद महेंद्र सिंह धोनी (347), राहुल द्रविड़ (340) और मोहम्मद अजहरुद्दीन (334) का नंबर आता है. इस लिस्ट में मोहम्मद अजहरुद्दीन के बाद विराट कोहली (309) और फिर सौरव गांगुली (308) का नाम आता है. बता दें कि बड़ौदा क्रिकेट स्टेडियम के मैदान पर खेले जा रहे पहले ODI मैच में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और न्यूजीलैंड की टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है.
वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी
463 – सचिन तेंदुलकर
347 – महेंद्र सिंह धोनी
340 – राहुल द्रविड
334 – मोहम्मद अजहरुद्दीन
309* – विराट कोहली
308 – सौरव गांगुली