Shreyas Iyer: नए साल 2026 में टीम इंडिया पहली बार मैदान पर उतरने जा रही है. आज से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हो रहा है. पहला मुकाबला वड़ोदरा में खेला जाएगा. श्रेयस अय्यर पूरी तरह फिट हैं और प्लेइंग 11 में नंबर 4 पर उनकी जगह तय मानी जा रही है. करीब 5 महीने बाद टीम इंडिया में लौटने वाले अय्यर इस सीरीज के पहले ही मैच में इतिहास रच सकते हैं. उनके पास विराट कोहली और शिखर धवन जैसे दिग्गजों का एक महारिकॉर्ड ब्रेक करने का बढ़िया मौका है.
श्रेयस अय्यर अगर पहले ही वनडे में 83 रन बना लेते हैं तो वनडे में भारत के लिए सबसे बड़ा और धांसू रिकॉर्ड बना देंगे. फिलहाल ये रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम है. ये रिकॉर्ड है वनडे क्रिकेट में भारत के लिए सबसे तेज 3000 रनों का, जिस पर फिलहाल धवन का कब्जा है, जिन्होंने 72 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था, जबकि विराट कोहली ने यहां तक पहुंचने के लिए 75 पारियां ली थीं. अब अय्यर 68वीं पारी में यह कमाल करके दोनों से आगे निकल सकते हैं.
3000 वनडे रन से सिर्फ 83 रन दूर
दाएं हाथ के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने अब तक 73 वनडे मैचों की 67 पारियों में 47.81 की शानदार औसत से 2917 रन बनाए हैं. उन्हें 3000 रन पूरे करने के लिए 83 रनों की दरकार है. अगर पहले वनडे में उन्होंने 83 रन बना दिए तो वो इतिहास रच देंगे. वो भारत के लिए सबसे तेज 3000 वनडे रन पूरे करने वाले बैटर बन जाएंगे. अय्यर नंबर 4 पर बैटिंग करते आए हैं. इसलिए इस पोजीशन पर आकर सबसे तेज 3000 रनों का आंकड़ा छूना अपने आप में बड़ी बात होगी.
कौन है नंबर 1?
अय्यर का अगर पहले वनडे में बल्ला चल गया और उन्होंने 83 रन बना लिए तो वो वर्ल्ड क्रिकेट में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज 3000 वनडे रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. फिलहाल ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला के नाम है, जिन्होंने सिर्फ 57 पारियों में 3000 रन बनाए थे. दूसरे नंबर पर शाई होप, फखर जमान और इमाम-उल-हक का नाम है, जिन्होंने 67 पारियां ली थीं. बाबर आज़म चौथे नंबर पर हैं, जिन्हें 68 पारियां लगी थीं. अब अय्यर 68वीं पारी में 83 रन बनाकर बाबर की बराबरी कर सकते हैं.
वनडे में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले टॉप 5 बैटर
हाशिम अमला (साउथ अफ्रीका)- 57 पारियां
शाई होप (वेस्टइंडीज)- 67 पारियां
फखर जमान (पाकिस्तान)- 67 पारियां
इमाम-उल-हक (पाकिस्तान)- 67 पारियां
बाबर आजम (पाकिस्तान)- 68 पारियां
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: ऋषभ पंत की जगह लेने को तैयार ये 2 तूफानी खिलाड़ी, ठोकते हैं बड़े-बड़े छक्के, किसकी लगेगी लॉटरी?