MP पुलिस का कांस्टेबल 4 दिन से लापता, मथुरा के पास मिली लास्ट लोकेशन, प्रेमानंद महाराज से निकला कनेक्शन!


Harda News: मध्य प्रदेश की हरदा पुलिस से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. यहां हंडिया थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल रत्नेश देवड़ा चार दिनों से लापता हैं. 7 जनवरी 2026 को सुबह वे ड्यूटी पर जाने का कहकर घर से निकले, लेकिन न तो थाने पहुंचे और न ही घर लौटे. उनकी पत्नी ने गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है.

इस दौरान चौंकाने वाली बात पुलिस को पता चली. जानकारी के अनुसार, कांसटेबल रत्नेश देवड़ा की लास्ट लोकेश मथुरा के आसपास की मिली है. वहीं, सीसीटीवी फुटेज में उनकी कार भी ट्रेस हुई है. ये भी पता चला कि रत्नेश का रुझान हाल के महीनों में आध्यात्मिक ज्ञान की ओर बढ़ रहा था. वे मोबाइल पर प्रेमानंद जी महाराज के प्रवचन खूब सुनते थे. ऐसे में आशंका है कि वे आध्यात्मिक प्रभाव में कहीं चले गए हों.

मथुरा की ओर जाती दिखी कार!
हंडिया थाना प्रभारी आरपी कवरेती ने बताया, रत्नेश देवड़ा 7 जनवरी को सुबह 9 बजे अपनी कार से पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास से निकले थे. दोपहर 12:30 बजे तक उनसे मोबाइल पर बात हुई, लेकिन उसके बाद दोनों मोबाइल नंबर स्विच ऑफ हो गए. पत्नी ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई.

रात में खोला था मोबाइल, तब…
थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल लोकेशन की जांच की, जिसमें आखिरी लोकेशन मथुरा के आसपास मिली. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह पुष्टि हुई कि उनकी कार इंदौर रूट पर जाते दिख रही है. बताया, मोबाइल तो बंद आ रहा है. लेकिन, रात में शायद ऑन किया था, तब धोलपुर के पास मोबाइल लोकेशन मिली थी. संभावना है कि आगे मथुरा-वृंदावन जा सकते हैं. एक पुलिस टीम सर्च में उस तरफ भेज दी गई है.

पुलिस लाइन में ही निवास
रत्नेश देवड़ा हरदा पुलिस लाइन में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं. हंडिया थाने में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत हैं. सहकर्मियों के अनुसार, वे एक जिम्मेदार और शांत स्वभाव के व्यक्ति हैं, लेकिन हाल ही में वे धार्मिक प्रवचनों में गहरी रुचि दिखा रहे थे. प्रेमानंद जी महाराज के प्रवचन, वे अक्सर सुनते थे. परिवारजन चिंतित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि वे जल्द लौट आएंगे.



Source link