Nainital News : ये कहां फंस गया नैनीताल क्रिकेट? कभी सितंबर में शुरू हो जाते थे मुकाबले, इस बार अभी पिच तक नहीं तैयार

Nainital News : ये कहां फंस गया नैनीताल क्रिकेट? कभी सितंबर में शुरू हो जाते थे मुकाबले, इस बार अभी पिच तक नहीं तैयार


Last Updated:

DSA Ground Nainital : टूर्नामेंट के नाम पर सिर्फ खेल विभाग के बड़े बड़े वादे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा. क्रिकेट मैदान की हालत बदहाल है, पिच की तैयारी अधूरी है और आउटफील्ड में भी सुधार नहीं किया गया. खिलाड़ियों का सवाल है कि जब बुनियादी सुविधाएं ही नहीं होंगी तो वे अभ्यास या कोई मुकाबले कैसे खेलें. सुस्ती के चलते पहले फुटबॉल प्रतियोगिता लेट हुई जो काफी दिनों तक चली. इसके बाद विंटर कार्निवल की वजह से खेल गतिविधियां नहीं हो पाईं.

नैनीताल. कभी क्रिकेट प्रेमियों के लिए पहचान बन चुका नैनीताल का ऐतिहासिक क्रिकेट टूर्नामेंट आज आपसी राजनीति और प्रशासनिक उदासीनता का शिकार होता नजर आ रहा है. एक समय था जब यहां क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत हर साल सितंबर महीने में हो जाती थी और मैदान खिलाड़ियों से गुलजार रहते थे. राष्ट्रीय स्तर के कई नामचीन खिलाड़ी यहां खेल चुके हैं, लेकिन अब हालात यह हैं कि जनवरी का महीना बीतने को है और पिच तक तैयार नहीं हो पाई है. स्थानीय खिलाड़ियों का कहना है कि टूर्नामेंट के नाम पर सिर्फ खेल विभाग के बड़े-बड़े वादे करता है. जमीनी पर कोई काम नहीं हो रहा. क्रिकेट मैदान की हालत बदहाल है, पिच की तैयारी अधूरी है और आउटफील्ड में भी सुधार नहीं किया गया. खिलाड़ियों का सवाल है कि जब बुनियादी सुविधाएं ही नहीं होंगी तो वे अभ्यास और मुकाबले कैसे खेलें.

कहां फंसा टूर्नामेंट

नैनीताल के मल्लीताल फ्लैट्स में पहले डीएसए की ओर से खेल प्रतियोगिताएं करवाई जाती थीं, लेकिन 2025 में डीएसए ग्राउंड खेल विभाग के पास 30 सालों की लीज में चला गया. इसके बाद अब ग्राउंड में किसी भी तरह की खेल प्रतियोगिता करवाने के लिए खेल विभाग से अनुमति लेनी जरूरी है. हालांकि नगरपालिका की ओर से इसे लेकर आपत्ति भी जाहिर की गई. मक्कार स्पोर्ट्स ग्रुप के सचिव योगेश उपाध्याय का कहना है कि खेल विभाग के पास डीएसए मैदान जानें से खेल प्रतियोगिताएं देर से शुरू हुई हैं. जब डीएसए की ओर से प्रतियोगिताएं करवाई जाती थीं तो तय समय पर होती थीं. सितम्बर-अक्टूबर माह में ही क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित हो जाते थे, जनवरी आते आते तीन टूर्नामेंट खेल लिए जाते थे, जिसमें स्थानीय टीमों के साथ ही देशभर की टीमें भी प्रतिभाग करती थीं. नैनीताल में एक खेल का माहौल बना रहता था.

योगेश कहते हैं कि अब यह खेल प्रतियोगिताएं नगर पालिका और खेल विभाग के बीच फंस चुकी हैं. जिसका खामियाजा खिलाड़ियों को भुगतना पड़ रहा है. इस बार भी क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए खेल विभाग की ओर से बजट काफी देर में जारी हुआ जिसके बाद अभी तक पेमेंट नहीं आ पाई है. खेल विभाग की सुस्ती के चलते पहले फुटबॉल प्रतियोगिता लेट आयोजित हुई जो काफी दिनों तक चली, फिर विंटर कार्निवल के कारण खेल गतिविधियां नहीं हो पाई. ऐसे में आने वाले समय में खेल प्रतियोगिता को लेकर खेल विभाग को ठोस रणनीति बनानी होगी.

एक भी प्रतियोगिता नहीं

डीएसए के क्रिकेट सचिव रवि जोशी ने बताया कि पहले फुटबॉल प्रतियोगिता काफी लेट शुरू हुई. उसके बाद फील्ड की लेबलिंग की गई, जिसमें मशीन ने पिच को काफी गहराई तक खोद डाला. इसे बनाने के लिए डीएसए के पास बजट की कमी थी. इस वजह से खेल विभाग से बजट जारी होने के बाद अब काम हो पाया है. हालांकि अभी तक पेमेंट नहीं आई है. पिच हर साल बनती है. इससे पहले डीएसए की ओर से समय पर पिच तैयार की जाती थी और अब तक तीन क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित कर लिए जाते थे. इस बार जनवरी तक एक भी क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित नहीं हो पाई है, जिस वजह से खिलाड़ियों में भी नाराजगी है.

About the Author

Priyanshu Gupta

Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें

homeuttarakhand

कहां फंस गया नैनीताल क्रिकेट? सितंबर में हो जाती थी शुरुआत, अभी पिच नहीं तैयार



Source link