Mohammad Nabi-Hassan Eisakhil: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो भाई को साथ में बैटिंग कर तबाही मचाते हुए तो आपने कई बार देखा होगा, लेकिन उच्च स्तर पर ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी मैच में पिता और बेटा साथ में बैटिंग करते दिखे. ये ऐतिहासिक लम्हा किसी अजूबे से कम नहीं है और दुनियाभर में बाप-बेटे की शानदार जोड़ी की चर्चा हो रही है. दिलचस्प बात ये है कि यहां बेटे ने पिता के साथ बैटिंग भी की और उन्हीं के रिकॉर्ड्स भी तोड़े.
कहते हैं ‘पूत के पांव पालने में दिख जाते हैं.’ अफगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी मोहम्मद नबी के बेटे पर ये कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है. बचपन से ही वो पिता की तरह क्रिकेट की दुनिया में नाम कमाना चाहते थे और आज वो दिन आ ही गया जब दुनिया ये बोल रही है कि मोहम्मद नबी का बेटा तो अपने पिता से भी खतरनाक बल्लेबाजी करता है.
बेटे के साथ खेले मोहम्मद नबी
ये दिलचस्प नजारा बांग्लादेश प्रीमियर लीग में 11 जनवरी को नोआखली एक्सप्रेस और ढाका कैपिटल्स के बीच हुए मैच में देखने को मिला. पेशेवर क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर पर पिता और बेटे की जोड़ी को साथ में बैटिंग करते देख क्रिकेट जगत में सनसनी मच गई. मोहम्मद नबी और उनके बेटे BPL में नोआखली एक्सप्रेस टीम का हिस्सा हैं. ढाका कैपिटल्स के खिलाफ मैच में हसन ईसाखिल ओपनिंग करने उतरे. उन्होंने सौम्य सरकार के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 101 रनों की शानदार पार्टनरशिप की. इसके बाद सौम्य सरकार आउट हुए और उनके पीछे-पीछे दो और खिलाड़ी पवेलियन लौट गए. 3 विकेट गिरने के बाद वो ऐतिहासिक लम्हा आया.
— Shadman Sakib Arnob (@arnuX05) January 11, 2026
बेटे हसन ईसाखिल ने पिता मोहम्मद नबी का क्रीज पर स्वागत किया. इस दौरान अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर थोड़े भावुक भी हुए. पिता-बेटे की जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की और नोआखली एक्सप्रेस को जीत दिलाने में दोनों का अहम रोल रहा.
हसन ईसाखिल ने तोड़े पिता के रिकॉर्ड्स
नोआखली एक्सप्रेस की तरफ से ओपनिंग करते हुए हसन ईसाखिल ने 60 गेंदों पर 92 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 7 चौके शामिल रहे. अपनी इनिंग के दौरान उन्होंने सौम्य सरकार के साथ मिलकर 101 रनों की साझेदारी की. नोआखली एक्सप्रेस का ये किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप थी. इससे पहले हसन के पिता मोहम्मद नबी ने हैदर अली के साथ 90 रनों की साझेदारी निभाई थी.
92 रनों की शानदार पारी के दौरान हसन ईसाखिल ने 5 छक्के लगाए. इसके साथ ही वो T20 में नोआखली एक्सप्रेस की तरफ से सबसे अधिक छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए. इससे साथ ही उन्होंने पिता समेत 3 बल्लेबाजों का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 3-3 छक्के लगाए थे. इसके अलावा हसन ने इस पारी के दौरान 58 रन सिर्फ चौके-छक्के से लगाए. उनके पिता ने एक पारी के दौरान 22 रन चौके-छक्के से जड़े थे.
ये भी पढ़ें: भारत की ‘सुपर वुमन‘… हवा में तैरकर बचाए 4 रन, अनुष्का शर्मा की करिश्माई फील्डिंग से जीती गुजरात जायंट्स