भारत के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी की और 91 गेंद पर 93 रन ठोक दिए. विराट कोहली ने 102.20 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी में 8 चौके और एक छक्का लगाया. विराट कोहली को उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. मैच के बाद विराट कोहली ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है.
जीत के बाद इमोशनल हुए विराट कोहली
विराट कोहली ने बताया कि उन्हें हमेशा से अपनी काबिलियत पर भरोसा रहा है. भगवान ने उन्हें उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया है. मैच के बाद जब विराट कोहली से पूछा गया कि उनके पास कितने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड हैं, तो उन्होंने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं है. मैं सारी ट्रॉफी घर गुरुग्राम में अपनी मां के पास भेज देता हूं, उन्हें इन ट्रॉफियों को संभालकर रखना बहुत पसंद है.’
बल्लेबाजी को लेकर दिया बड़ा बयान
विराट कोहली ने कहा, ‘अगर मैं पीछे मुड़कर अपनी पूरी यात्रा को देखूं, तो यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं है. मुझे हमेशा अपनी काबिलियत पर भरोसा था, लेकिन यह भी पता था कि यहां तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत करनी होगी. भगवान ने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया है.’ उन्होंने कहा, ‘मैं माइलस्टोन के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहा. अगर हम पहले बल्लेबाजी कर रहे होते, तो शायद मैं ज्यादा आक्रामक खेलता, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए, बोर्ड पर रन होने के कारण मुझे स्थिति के हिसाब से खेलना था.’
‘मैं पलटवार करने पर भरोसा करता हूं’
विराट कोहली ने कहा, ‘मन में ज्यादा बाउंड्री लगाने का ख्याल आया, लेकिन अनुभव काम आता है. मेरे दिमाग में सिर्फ यही था कि टीम को ऐसी स्थिति में ले जाऊं, जहां हम आराम से जीत सकें.’ टीम इंडिया ने 8.4 ओवरों में 39 के स्कोर पर रोहित शर्मा (26) का विकेट गंवा दिया था. यहां से विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 118 रन जोड़कर भारतीय पारी को संवारा. विराट कोहली ने कहा, ‘मैं नंबर तीन पर बल्लेबाजी करता हूं. अगर स्थिति मुश्किल हो, तो सिर्फ इंतजार करने के बजाय पलटवार करने पर भरोसा करता हूं. बेवजह शॉट भी नहीं खेलने चाहिए. जब रोहित के आउट होने के बाद मैं बल्लेबाजी करने आया, तो लगा कि अगर शुरुआती 20 गेंदों में दबाव बना दिया जाए, तो विपक्ष बैकफुट पर चला जाएगा. वही फर्क साबित हुआ.’