भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में धमाकेदार जीत दर्ज की. इस मुकाबले में विराट कोहली के बल्ले से शानदार पारी देखने को मिली. लेकिन सीरीज के बीच इंजरी कंसर्न से भी टेंशन बढ़ी हुई है. वाशिंगटन सुंदर इंजरी के चलते बाहर हुए और उनकी जगह आयुष बदोनी को टीम इंडिया से सरप्राइज कॉल गया. जिसके बाद वह भावुक नजर आए. बदोनी प्रैक्टिस सेशन खत्म करके होटल लौट रहे थे और उन्हें सेलेक्शन का मैसेज आया. बदोनी ने वह मैसेज अपने दिल्ली के कोच और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सरनदीप सिंह को दिखाया और भावुक हो गए. कोच सरनदीप ने बदोनी के सेलेक्शन पर पूरी कहानी बताई है.
क्या बोले सरनदीप सिंह?
सरनदीप ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘वह सच में बहुत खुश था और मैं भी उसके लिए बहुत खुश था। वह सच में इसके लायक था. उसने बहुत कड़ी मेहनत की है. अधिकतर लोग उसे एक ऐसे बल्लेबाज के तौर पर जानते हैं जो छक्के लगा सकता है, जब चाहे बाउंड्री मार सकता है और लंबी पारियां खेल सकता है. किसी से भी पूछो, उसे एक प्रॉपर बल्लेबाज़ ही बताया जाएगा. लेकिन वह एक बेहतरीन ऑफ-स्पिनर भी है, और वह पूरी तरह से कड़ी मेहनत से ही ऐसा बना है.’
बॉलिंग की दी थी सलाह
उन्होंने आगे बताया, ‘मैंने पिछले साल उससे कहा था कि हालांकि वह एक बहुत अच्छा बल्लेबाज़ है, लेकिन उसे हर बैटिंग सेशन के बाद घर जाने से पहले कम से कम सात ओवर बॉलिंग करनी चाहिए. उसने बिना किसी झिझक के वह चैलेंज स्वीकार कर लिया. लंबे बैटिंग सेशन के बाद भी, वह गेंद उठाता और सात ओवर बॉलिंग करता, कभी-कभी तो उससे भी ज्यादा. उसने अपनी ऑफ-स्पिन पर बहुत काम किया है.’
ये भी पढे़ं: टीम इंडिया में अचानक एंट्री मारने वाला नया खिलाड़ी कौन? कोच गंभीर से है खास कनेक्शन
कैसा है बदोनी का रिकॉर्ड?
बडोनी का फर्स्ट-क्लास बैटिंग एवरेज 57.96 है, वहीं लिस्ट A फॉर्मेट में 27 मैचों में 36.47 का एवरेज है. बडोनी ने लीडरशिप क्वालिटी भी दिखाई हैं, उन्होंने पहले दिल्ली की कप्तानी की है और टीम के लेटेस्ट विजय हजारे ट्रॉफी कैंपेन के दौरान ऋषभ पंत के डिप्टी के तौर पर काम किया है. कोच ने बताया, ‘मैंने उससे कहा कि अगर वह एक अच्छा ऑलराउंडर बनना चाहता है, तो अपनी स्पिन बॉलिंग पर फोकस करने से उसके लिए इंडियन टीम में फिट होने का एक मज़बूत मौका बनेगा. उसकी ऑफ-स्पिन अब सच में बहुत अच्छी है. तेजी से टर्न होती है और उसने अपनी बॉलिंग में कुछ वेरिएशन भी जोड़े हैं. वह कैरम बॉल और आर्म बॉल भी डालता है. वह एक बहुत स्मार्ट क्रिकेटर है.’