नई दिल्ली. कहते है जब किस्मत बदलती है तो वो सब कुछ बहुत आसान लगने लगता है जिसको पाना कभी सपना हुआ करता था. कुछ ऐसा ही हो सकता है आयुष बदोनी के सा भारत बनाम न्यूज़ीलैंड दूसरे वनडे मैच के लिए शुभमन गिल और गौतम गंभीर को एक मजबूरन बदलाव करना होगा. वडोदरा में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ ऑलराउंड प्रदर्शन के बावजूद, टीम इंडिया को मिडिल ऑर्डर में बदलाव करना पड़ेगा. वॉशिंगटन सुंदर के साइड स्ट्रेन का शिकार होने के बाद उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को मौका देना होगा.
वॉशिंगटन सुंदर टीम को बेहतरीन संतुलन प्रदान कर रहे थे, इसलिए उनकी जगह एक ऑलराउंडर को ही शामिल करना होगा. इससे पांच संभावित विकल्पों में से तीन अपने-आप बाहर हो जाते हैं. अब टीम में या तो नितीश कुमार रेड्डी, जिनके बाहर होने पर कई लोग हैरान थे, या फिर आयुष बदोनी, जिन्हें बीसीसीआई ने वॉशिंगटन के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना है, में से किसी एक को शामिल किया जाएगा.
आयुष बदोनी का वनडे डेब्यू?
आयुष बदोनी को वह वॉशिंगटन सुंदर के लाइक-टू-लाइक रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना गया हैं. 26 वर्षीय बदोनी पिछले कुछ समय से अपनी गेंदबाज़ी पर काम कर रहे हैं और दिल्ली के लिए खुद को एक ऑलराउंडर के रूप में स्थापित किया है. मौजूदा विजय हज़ारे ट्रॉफी में उन्होंने सिर्फ तीन बार बल्लेबाज़ी की है और ये सभी पारियां नंबर छह पर आई हैं एक ऐसा स्थान जो केएल राहुल के नंबर पांच पर खेलने से खाली हो जाता है. उम्मीद की जा रही है कि राजकोट में स्पिन अहम भूमिका निभा सकती है. यह भी नहीं भूलना चाहिए कि चोटिल होने से पहले वॉशिंगटन सुंदर ने 5 ओवर गेंदबाज़ी कर ली थी.
फिनिशर का रोल मिलेगा
न्यूज़ीलैंड की टीम में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज़ हैं और बदोनी को उनके खिलाफ मैच-अप गेंदबाज़ के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है. उन्होंने VHT में दिल्ली के लिए 22 ओवर डाले हैं और 3.59 की इकॉनमी से 4 विकेट चटकाए हैं. बदोनी पारी को फिनिश करने की क्षमता रखते हैं. उन्होंने यह काम दिल्ली और आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए किया है. यह तर्क दिया जा सकता है कि नितीश का टैलेंट और संभावनाएं बदोनी से ज़्यादा हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार किया जाना चाहिए लेकिन अगर आज के मैच की बात करें, तो बदोनी टीम को ज़्यादा संतुलन और उपयोगिता प्रदान करते हैं.
नितीश रेड्डी की वापसी?
नितीश को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अनुभव है. उन्होंने महज़ तीन महीने पहले भारत के लिए वनडे डेब्यू किया था. भले ही उनके लिस्ट-ए आंकड़े बहुत प्रभावशाली न हों, लेकिन 2025–26 विजय हज़ारे ट्रॉफी (VHT) में उनका हालिया प्रदर्शन, खासकर गेंदबाज़ी में, काबिले-तारीफ रहा है. उन्होंने 5 मैचों में 6 विकेट लिए हैं और नंबर चार व पांच पर बल्लेबाज़ी कर रहे हैं. चूंकि वॉशिंगटन को नंबर पांच या छह पर बल्लेबाज़ी करनी थी, ऐसे में नितीश उस भूमिका में बिल्कुल फिट बैठते हैं. उनसे हर मैच में 10 ओवर गेंदबाज़ी की उम्मीद भी नहीं होगी.
हालांकि, यहां दो समस्याएं हो सकती हैं नितीश आमतौर पर आंध्र प्रदेश के लिए नई गेंद से गेंदबाज़ी करते हैं, जो भारतीय टीम में संभव नहीं है क्योंकि पावरप्ले में मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा गेंदबाज़ी करेंगे. इसके अलावा, राजकोट की पिच तेज़ गेंदबाज़ों की तुलना में स्पिनरों को ज़्यादा मदद दे सकती है, जिससे नितीश की उपयोगिता कुछ कम हो सकती है.
दूसरे न्यूज़ीलैंड वनडे के लिए संभावित भारतीय प्लेइंग XI
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, आयुष बदोनी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा