WPL 2026 में आरसीबी की टीम जीत के रथ पर सवार नजर आ रही है. पहले मुंबई को शिकस्त देने के बाद इस टीम ने यूपी को भी 9 विकेट से रौंद डाला है. जीत से ज्यादा चर्चे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ऑलराउंडर नादिन डी क्लार्क के हैं जिन्होंने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस टूर्नामेंट में उन्होंने अभी तक महज 3 मैच ही खेले हैं और विकेटों की झड़ी लगा दी है. मुंबई के खिलाफ मुकाबले में डी क्लार्क जीत की हीरो साबित हुई थीं.
3 मैच में झटके 8 विकेट
पिछले सीजन में डेब्यू के बाद से डी क्लार्क का प्रदर्शन शानदार है. उन्होंने अभी तक 3 मैच में ही 8 विकेट हासिल कर लिए हैं. इसी के साथ नादिन डब्ल्यूपीएल करियर के शुरुआती 3 मुकाबलों में सर्वाधिक विकेट हासिल करने के मामले में दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं. नादिन डी क्लार्क ने अब तक तीन मुकाबलों में 72 गेंदें फेंकी हैं, जिसमें 11.12 की औसत के साथ कुल 89 रन देकर 8 विकेट निकाले.
नंबर-1 पर कौन?
इस लिस्ट में सबसे ऊपर साइका इशाक हैं, जिन्होंने शुरुआती 3 मुकाबलों में 9 विकेट हासिल किए थे. नंदिनी शर्मा और सोफी एक्लेस्टोन 7-7 विकेट के साथ लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर मौजूद हैं. दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए नंदिनी ने 11 जनवरी को गुजरात जायंट्स के विरुद्ध हैट्रिक ली थी. नंदिनी ने अब तक सिर्फ दो ही डब्ल्यूपीएल मैच खेले हैं. ऐसे में उनके पास इतिहास रचते हुए लिस्ट में शीर्ष पर पहुंचने का गोल्डन चांस होगा.
ये भी पढे़ं.. एक मैच से कोई सुपरस्टार… टीम इंडिया में आयुष बदोनी की एंट्री, गंभीर का बयान VIRAL
MI के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन
डी क्लार्क ने मुंबई के खिलाफ WPL 2026 के ओपनिंग मैच में बल्ले और गेंद से गदर काट दिया. उन्होंने इस मैच में 4 विकेट के साथ 64 रन की आतिशी बैटिंग की और अकेले दम पर टीम को जीत दिला दी. यूपी के खिलाफ उन्होंने 2 विकेट झटके. आरसीबी की तरफ से डी क्लार्क ने डेब्यू किया था और मेगा ऑक्शन में आरसीबी ने उन्हें 65 लाख रुपये देकर अपने खेमें में एक बार फिर शामिल किया.