4 wickets in 5 Balls Record: क्रिकेट के इतिहास में कई ऐसे अद्भुत कारनामे हुए हैं, जिसे दोहराना आज भी असंभव के बराबर है. आज से ठीक 96 साल पहले यानी 13 जनवरी, 1930 को इंग्लैंड के एक गेंदबाज ने मैदान पर उतरते ही ऐसा कोहराम मचाया कि पूरा क्रिकेट जगत हिल गया. दिलचस्प बात ये थी कि टेस्ट क्रिकेट में ये न्यूजीलैंड का पहला मुकाबला था. क्राइस्टचर्च में खेले गए उस ऐतिहासिक टेस्ट में इंग्लैंड ने 8 विकेट से जीत हासिल की थी.
इस मैच में न्यूजीलैंड के अलावा इंग्लैंड के एक गेंदबाज में भी पहली बार टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा था. हम बात कर रहे हैं पूर्व इंग्लिश खिलाड़ी मॉरिस एलोम की जिन्होंने टेस्ट डेब्यू पर धमाकेदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने अपने टेस्ट करियर के 8वें ओवर में 5 गेंदों पर 4 विकेट लेकर ऐसा करिश्मा किया, जिसकी लोग आज भी मिसाल देते हैं.
टेस्ट डेब्यू पर 5 गेंद में 4 विकेट का अद्भुत कारनामा
10 जनवरी-13 जनवरी, 1930 के बीच हुए इस टेस्ट में न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 112 रनों पर सिमट गई थी. इंग्लैंड के मॉरिस एलोम ने अपने 8वें ओवर में हड़कंप मचा दिया. न्यूजीलैंड का स्कोर 21/3 से 21/7 हो गया. एलोम ने 5 गेंदों पर 4 विकेट चटकाए, जिसमें हैट्रिक भी शामिल था. इस मैच में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था. पहली पारी में उन्होंने 19 ओवर में 38 रन देकर 5 विकेट चटकाए और दूसरी इनिंग में भी 3 विकेट अपने नाम किए.
5 टेस्ट में ही खत्म हुआ करियर
आपको ये जानकर हैरानी होगी कि टेस्ट डेब्यू पर हैट्रिक और 5 गेंदों पर 4 विकेट लेकर इतिहास रचने वाले मॉरिस एलोम का टेस्ट करियर सिर्फ 5 मैचों में खत्म हो गया. जी हां, दाएं हाथ के पूर्व गेंदबाज ने इंग्लैंड के लिए सिर्फ 5 टेस्ट खेले और 14 विकेट हासिल किए. हालांकि, मॉरिस एलोम ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में जलवा दिखाते हुए 179 मैचों में 605 विकेट चटकाए. मॉरिस एलोम का डेब्यू टेस्ट एक और वजह से यादगार है. ये पहला और अभी तक का इकलौता ऐसा मामला है, जहां इंग्लैंड एक समय पर दो देशों के साथ टेस्ट खेल रहा था. न्यूजीलैंड के अलावा इंग्लिश टीम वेस्टइंडीज का सामना भी कर रही थी.
ये भी पढ़ें: 32, 28, 25… WPL में किसी गेंदबाज को बर्बाद करने में सबसे आगे है RCB, ये रिकॉर्ड देख कांप जाएगी विरोधी टीम