देवास चौपाटी पर प्रशासन की सख्ती, नियम तोड़ने वाले ठेलों पर कार्रवाई
देवास में कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने चौपाटी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेलों और दुकानों पर चालानी कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
.
नगर निगम की स्वास्थ्य टीम, जिला आपूर्ति टीम और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने चौपाटी पर संचालित खाद्य ठेलों व दुकानों का निरीक्षण किया। विशेष रूप से उन प्रतिष्ठानों की जांच की गई जहाँ खुले में खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे।
जांच के दौरान कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि कई दुकानों पर एक ही तेल का बार-बार उपयोग कर खाद्य पदार्थ तले जा रहे थे, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। यह पूरी कार्रवाई सोमवार रात को की गई।
मोमोज, जलेबी, पानी पताशे, गराडू और फास्ट फूड जैसे उन खाद्य पदार्थों की विशेष जांच की गई, जिनका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। नियमों का पालन न करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे ताकि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, कुछ दुकानों को केवल चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। उन्हें अपनी व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।