Last Updated:
नई दिल्ली. मुंबई केप टाउन के विकेटकीपर-बल्लेबाज रयान रिकेल्टन ने सोशल मीडिया पर एक फैन के लिए दिए भावुक मैसेज से दिल जीत लिया. जोबर्ग सुपर किंग्स के खिलाफ 6 जनवरी को जोहान्सबर्ग में हुए मैच के दौरान रिकेल्टन के छक्के से एक फैन को चोट लग गई थी. सुपर किंग्स की जर्सी पहने उस फैन के गाल की हड्डी टूट गई थी. रिकेल्टन ने उस फैन से माफी मांगते हुए एक दिल छू लेने वाला वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया और उसे अपनी साइन की हुई जर्सी भी गिफ्ट की.
वीडियो संदेश में रिकेल्टन ने कहा, “हाय लिंडी, रयान यहां. मैं बस आपसे माफी मांगना चाहता हूं कि कल रात आपके साथ जो हुआ, उसके लिए मुझे बहुत दुख है. मैंने वीडियो भी देखा. मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं. मुझे पता चला है कि आपके गाल की हड्डी में फ्रैक्चर है, उम्मीद है कि आप जल्दी ठीक हो जाएंगी और दर्द भी जल्द कम हो जाए. मेरी तरफ से माफी. ऐसा होना अच्छा नहीं लगता. मैं आपको जल्दी स्वस्थ होने की शुभकामनाएं देता हूं और माफी के तौर पर आपके लिए ये जर्सी साइन करके भेज रहा हूं. मेरी और टीम की तरफ से आपको शुभकामनाएं और फिर से माफी चाहता हूं.”