नई दिल्ली. विराट कोहली की शानदार फॉर्म ने भारत की कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों को लेकर बढ़ती चिंताओं को कुछ हद तक कम कर दिया है और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जीत हासिल करके तीन मैच की श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगा. भारत ने वडोदरा में खेले गए पहले मैच में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया था.
चयनकर्ताओं ने दिल्ली के आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया है, लेकिन भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर की ऑलराउंडर को प्राथमिकता देने की रणनीति को देखते हुए नीतीश कुमार रेड्डी के रूप में एक और ऑलराउंडर को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है. ऋषभ पंत पहले वनडे से पूर्व चोटिल होने के कारण श्रृंखला से बाहर हो गए थे. चयनकर्ताओं ने उनकी जगह ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल करने का फैसला किया, जो टीम प्रबंधन के लिए विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में एक और विकल्प हो सकते हैं.
टॉप फोर में बहुत जोर है
भारतीय टीम की इन चिंताओं के बीच सभी की निगाह एक बार फिर कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी रहेगी जो अब अपने करियर के अंतिम पड़ाव में हैं. पहले मैच में कोहली वनडे में अपने 54वें शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 91 गेंदों पर खेली गई 93 रन की पारी ने भारत की जीत की नींव रखी. भारत और न्यूजीलैंड की टीमों में काफी अंतर नजर आता है. कीवी टीम का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत नहीं है और भारतीय बल्लेबाज इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे. पहले मैच में कप्तान शुभमन गिल ने सधी हुई अर्धशतकीय पारी खेली जबकि उप कप्तान श्रेयस अय्यर एक रन से अर्धशतक बनाने से चूक गए. रोहित शर्मा फिर से भारत को अच्छी शुरुआत दिलाने की कोशिश करेंगे.
तेज गेंदबाजों का फिर होगा टेस्ट
भारत को हालांकि अपनी गेंदबाजी विशेषकर स्पिनरों के प्रदर्शन में सुधार करने की जरूरत है. पिछले मैच में तेज गेंदबाजों को गेंद की गति कम करने की रणनीति अपनाने से कुछ विकेट मिले थे और स्पिनरों को निरंजन शाह स्टेडियम में बेहतर पिच की उम्मीद होगी. बाएं हाथ के बल्लेबाजों डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़कर न्यूजीलैंड को अच्छी शुरुआत दिलाई थी लेकिन उसके मध्यक्रम के बल्लेबाज इसका फायदा नहीं उठा पाए उसकी टीम इस विभाग में सुधार करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगी.
पहले वनडे में हार के बावजूद न्यूजीलैंड को इससे काफी आत्मविश्वास मिला होगा कि कोहली के शानदार प्रदर्शन के बावजूद उसने भारत को कड़ी टक्कर दी. भारत जब सहजता से लक्ष्य हासिल करने की तरफ बढ़ रहा था तब काइल जैमीसन ने अपने गेंदबाजी कौशल का शानदार प्रदर्शन करके मैच को रोमांचक बना दिया था. उसकी टीम को आखिरी क्षणों में कैच छोड़ने का खामियाजा भुगतना पड़ा था.
टीम इस प्रकार हैं:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, नितीश कुमार रेड्डी, आयुष बडोनी, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा।
न्यूजीलैंड: माइकल ब्रैसवेल (कप्तान), डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), मिशेल हे (विकेटकीपर), निक केली, हेनरी निकोल्स, विल यंग, जोश क्लार्कसन, जैक फाउल्स, डैरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, आदित्य अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, जेडन लेनोक्स, माइकल रे।