श्योपुर पुलिस ने ‘मैं भी प्रहरी’ अभियान शुरू किया: बस यात्रियों की सहभागिता से सड़क सुरक्षा होगी मजबूत – Sheopur News

श्योपुर पुलिस ने ‘मैं भी प्रहरी’ अभियान शुरू किया:  बस यात्रियों की सहभागिता से सड़क सुरक्षा होगी मजबूत – Sheopur News


श्योपुर पुलिस ने मंगलवार को “मैं भी प्रहरी” नाम से एक नया अभियान शुरू किया है। इसका मकसद बस यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करना और मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करना है।

.

यह अभियान सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करने वाले नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों से अवगत कराकर सुरक्षित बस यात्रा सुनिश्चित करेगा।

हर बस के गेट के पास लगाया जा रहा पैम्फलेट

इस अभियान के तहत हर बस के गेट के पास एक पैम्फलेट लगाया जा रहा है। इसमें बस का रजिस्ट्रेशन नंबर, परमिट, बीमा, फिटनेस, ड्राइवर लाइसेंस की वैधता जैसी जानकारी शामिल है। साथ ही, आपातकालीन द्वार, अग्निशामक यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स जैसे आवश्यक सुरक्षा मानकों का भी उल्लेख है।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले और दौरान इन मानकों की स्वयं जांच करें। किसी भी कमी की सूचना तत्काल संबंधित नंबरों पर देने को कहा गया है, ताकि त्वरित सुधार किया जा सके।

पुलिस के विश्लेषण के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं के कई कारण होते हैं। इनमें दस्तावेजों की कमी, सुरक्षा उपकरणों का अभाव, और चालकों द्वारा नशे में या तेज गति से वाहन चलाना शामिल है। ऐसी स्थिति में यात्रियों की सजग भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। “मैं भी प्रहरी” अभियान यात्रियों को सशक्त बनाकर सुरक्षित यात्रा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

शहर के बस स्टैंड पर हुआ शुभारंभ

इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ शहर के बस स्टैंड पर किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण भूरिया, एसडीओपी राजीव गुप्ता और ट्रैफिक टीआई संजय सिंह राजपूत उपस्थित रहे। इनके साथ विभिन्न थाना प्रभारी, बस संचालक, ड्राइवर और आम नागरिक भी मौजूद थे। धार्मिक व सामाजिक प्रतिनिधियों में गिरवरधारी हनुमान मंदिर के पुजारी कृष्ण विहारी महाराज, टोडी गणेश मंदिर के पुजारी श्याम शुक्ला और शहर काजी अतीक उल्लाह कुरैशी भी शामिल हुए।

“मैं भी प्रहरी” बनकर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान पुलिस और जनता के बीच सहभागिता को मजबूत करेगा। उन्होंने जोर दिया कि यात्रियों की सतर्कता से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। एसपी अग्रवाल ने नागरिकों से “मैं भी प्रहरी” बनकर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की।

सूचना देने के लिए नागरिक डायल 112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, पुलिस कंट्रोल रूम श्योपुर के नंबर 7049101054 और यातायात प्रभारी श्योपुर के नंबर 7587636406 पर भी जानकारी दी जा सकती है।



Source link