नई दिल्ली. हुंडई मोटर कंपनी ने ब्रुसेल्स मोटर शो में ऑफिशियली अपनी स्टारिया इलेक्ट्रिक को पेश किया है. इसका ग्लोबल डेब्यू कंपनी की एंबिशियस प्लानिंग दिखाता है कि वह बड़े साइज के इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रैक्टिकल और अफोर्डेबल बनाना चाहती है, खासकर उन बाजारों में जहां एमपीवी रोजमर्रा की यात्रा के लिए पसंदीदा विकल्प हैं. इसमें 84 kWh की लिथियम-आयन बैटरी पैक दी गई है. सबसे बड़ी बात कि ये एक 9 सीटर कार है. यानी इसमें एक साथ 9 लोग आसानी से फिट होकर एक कंफर्टेबल राइड का मजा ले सकते हैं.
पावर और परफॉर्मेंस
यह फ्रंट में लगे इलेक्ट्रिक मोटर के साथ काम करता है, जो 218 पीएस की मैक्सिमम पावर और 350 एनएम का पीक टॉर्क देता है. पावर फ्रंट व्हील्स को दी जाती है और इलेक्ट्रिक ड्राइवट्रेन को रिफाइनमेंट के लिए ट्यून किया गया है, जिससे यह अलग-अलग ड्राइविंग कंडीशन्स में लगातार पावर डिलीवरी देता है, ऐसा हुंडई का कहना है.
800-वोल्ट इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर
स्टारिया इलेक्ट्रिक की सबसे खास तकनीकी विशेषता इसकी 800-वोल्ट इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर है, जो तेज एनर्जी फ्लो के साथ कम थर्मल स्ट्रेस देती है, जिससे बार-बार फास्ट चार्जिंग की जा सकती है और एफिशिएंसी पर कोई असर नहीं पड़ता. बेहतर डीसी चार्जिंग कंडीशन में बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक सिर्फ 20 मिनट में चार्ज किया जा सकता है.
11 kW एसी चार्जर
रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए इसमें 11 kW एसी चार्जर है, जिससे घर या ऑफिस में आसानी से चार्जिंग की जा सकती है. हुंडई का अनुमान है कि एक बार चार्ज करने पर WLTP ड्राइविंग रेंज 400 किमी तक मिलेगी. इलेक्ट्रिक लेआउट की वजह से फ्लैट फ्लोर और लंबा व्हीलबेस मिलता है, जिससे केबिन काफी खुला और सभी रो में अच्छा हेडरूम और लेगरूम मिलता है.
बड़ी फैमिली के लिए परफेक्ट
बड़ी विंडो, लो बेल्ट-लाइन और ऊंची रूफलाइन से केबिन में नैचुरल लाइट आती है, जिससे अंदर का माहौल लाउंज जैसा बन जाता है. हुंडई स्टारिया इलेक्ट्रिक को दो सीटिंग कॉन्फिगरेशन में पेश करेगी, ताकि अलग-अलग जरूरतों को पूरा किया जा सके. सात-सीटर लग्जरी वेरिएंट निजी मालिकों और लाइफस्टाइल खरीदारों को अट्रैक्ट करेगा, जबकि 9-सीटर वैगन वर्जन बड़े परिवारों, ग्रुप ट्रैवल और शटल ऑपरेशन्स के लिए है.
एडैप्टेबल कार्गो स्पेस
दोनों वेरिएंट में एडैप्टेबल कार्गो स्पेस, चौड़े स्लाइडिंग डोर और बड़ा टेलगेट ओपनिंग दी गई है, जिससे एक्सेसिबिलिटी बेहतर होती है. बाहर से स्टारिया इलेक्ट्रिक में मॉडल की खास वन कर्व सिल्हूट बरकरार है, जिसे इलेक्ट्रिक स्पेसिफिक स्टाइलिंग एलिमेंट्स से सजाया गया है. पारंपरिक एयर इनटेक्स की जगह क्लोज्ड-ऑफ फ्रंट फेशिया दी गई है, जिससे एमपीवी का लुक ज्यादा क्लीन और एयरोडायनामिक दिखता है.