Vijay Hazare Trophy 2025-26 Semi Finals: भारत के घरेलू 50-ओवर टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का रोमांच और बढ़ने वाला है. मंगलवार, 13 जनवरी को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए. एक मैच में पंजाब ने मध्य प्रदेश को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की, वहीं दूसरे में विदर्भ ने दिल्ली को हराकर टॉप-4 में सीट कन्फर्म कर ली. इससे पहले रविवार को हुए पहले क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक ने मुंबई के खिलाफ शानदार जीत हासिल की और दूसरे क्वार्टर फाइनल में सौराष्ट्र ने रिंकू सिंह की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश के खिलाफ जीत हासिल कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का सफर अब सिर्फ तीन मैचों का है. देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम घरेलू 50-ओवर टूर्नामेंट में ट्रॉफी अपने नाम करती है. आइए जानते हैं कि सेमीफाइनल में किस टीम का सामना किससे होगा और ये मुकाबले कब और कहां खेले जाएंगे. साथ में ये भी जानें कि ये सभी मुकाबले आप कहां देख पाएंगे.
सेमीफाइनल में कब और किससे भिड़ेगी टीमें?
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का पहला सेमीफाइनल गुरुवार, 15 जनवरी को खेला जाएगा. बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में कर्नाटक का सामना विदर्भ से होगा. वहीं अगले दिन यानी 16 जनवरी को दूसरे सेमीफाइनल में सौराष्ट्र का मुकाबला पंजाब से होगा.
कहां देखें विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का सेमीफाइनल मैच?
फैंस के लिए खुशी की खबर ये है कि विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले का प्रसारण वो देख पाएंगे. 15 और 16 जनवरी को होने वाले मैच टीवी पर स्टारस्पोर्ट्स चैनल पर प्रसारित किया जाएगा, वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखने के लिए जियोहॉटस्टार का रुख कर सकते हैं.
अभी तक किसने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन?
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में कर्नाटक के स्टार ओपनर देवदत्त पडिक्कल बल्ले से तहलका मचा रहे हैं. उन्होंने अब तक खेले गए 8 मैचों में 103.00 की औसत और 100.28 की स्ट्राइक रेट से 721 रन बनाए हैं. अगर कर्नाटक को सेमीफाइनल में जीत हासिल कर फाइनल में कदम रखना है तो एक बार फिर पडिक्कल को बड़ी पारी खेलनी होगी.
किसके लिए हैं सबसे ज्यादा विकेट?
बात करें सबसे अधिक विकेट की तो उत्तर प्रदेश के स्पिनर जीशान अंसारी और आंध्र के सत्यनारायण राजू संयुक्त रूप से टॉप पर हैं. दोनों ने 21-21 विकेट चटकाए हैं.
ये भी पढ़ें: अचानक बदल गया सुपर किंग्स का कप्तान, साउथ अफ्रीका के स्टार खिलाड़ी को मिली कमान, फ्रेंचाइजी का बड़ा ऐलान