India vs New Zealand ODI Records: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार (14 जनवरी) को राजकोट में खेला जाएगा. इस मैच में टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली पर एक बार फिर से सबकी नजरें होंगी. कोहली इस समय जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं. वह एक नया मील का पत्थर हासिल करने से बस एक बड़ी पारी दूर हैं. अगर विराट राजकोट में भी 50 या उससे अधिक रन की पारी खेलते हैं तो एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम क लेंगे.
गजब फॉर्म में विराट
37 साल के विराट शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने वनडे क्रिकेट की पिछली पांच पारियों में पचास या उससे अधिक रन बनाए हैं. यह सिलसिला सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे से शुरू हुआ था और वडोदरा में पहले न्यूजीलैंड वनडे में 91 गेंदों पर शानदार 93 रन (आठ चौके और एक छक्का) बनाकर जारी रहा. विराट ने इस दौरान बिना किसी गलती के बल्लेबाजी की. वह वडोदरा में शतक से चूक गए थे.
दिग्गजों का रिकॉर्ड तोड़ेंगे विराट
अगर विराट राजकोट में 50 या उससे अधिक रन बना लेते हैं तो लगातार छह पारियों में ऐसा करने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे. फिलहाल कोहली इस मामले में देश के चार दिग्गज बल्लेबाजों की बराबरी पर हैं. महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे ने वनडे में लगातार पांच पचास या उससे ज्यादा रन बनाए हैं.
ये भी पढ़ें: Explained: अंडर-19 वर्ल्ड कप में इस बार क्या खास? पहली बार खेलेगा यह देश, 10 पॉइंट्स में जानें सबकुछ
मियांदाद के नाम रिकॉर्ड
विश्व स्तर पर बात करें तो यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के दिग्गज जावेद मियांदाद के नाम है. उन्होंने लगातार नौ पारियों में पचास से ज्यादा रन बनाए हैं. पाकिस्तान के ही इमाम उल हक ने लगातार सात पचास से ज्यादा के स्कोर किए हैं. न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन, वेस्टइंडीज के शाई होप, पाकिस्तान के बाबर आजम, आयलैंड के पॉल स्टर्लिंग, न्यूजीलैंड के रॉस टेलर और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने वनडे में लगातार छह पचास से ज्यादा रन बनाए हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd ODI: राजकोट में 6 साल से नहीं जीता भारत, न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम की अग्निपरीक्षा, ऐसा है रिकॉर्ड
5 वनडे में 469 रन
अपने पिछले पांच वनडे में विराट ने 156.33 की औसत से 469 रन बनाए हैं. इसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं. अगर दिल्ली के लिए विजय हजारे ट्रॉफी (VHT) में उनके दो मैच (131 और 77 रन) भी शामिल कर लिए जाएं तो विराट के लिस्ट ए क्रिकेट में लगातार सात पचास से ज्यादा रन हैं. इन सात पारियों में उनके बल्ले से 135.4 की औसत से 677 रन निकले हैं, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं.