Last Updated:
Khargone Gaurav Diwas: नगर गौरव दिवस महोत्सव ने पूरे शहर में उत्साह, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल बना दिया है. कुंदा नदी के तट पर गंगा की तर्ज पर हुई महाआरती, भव्य आतिशबाजी और दीपदान ने इस उत्सव को खास बना दिया.
Khargone News: मध्य प्रदेश का ऐतिहासिक शहर खरगोन इन दिनों अपने गौरव दिवस के रंग में रंगा हुआ है. मकर संक्रांति के पावन अवसर पर शुरू हुए नगर गौरव दिवस महोत्सव ने पूरे शहर में उत्साह, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल बना दिया है. कुंदा नदी के तट पर गंगा की तर्ज पर हुई महाआरती, भव्य आतिशबाजी और दीपदान ने इस उत्सव को खास बना दिया. दरअसल, नगर गौरव दिवस महोत्सव की शुरुआत बुधवार को देश के इकलौते सूर्य प्रधान नवग्रह मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुई. सुबह के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही.
इसके बाद शहर के किला परिसर से गौरव दिवस यात्रा निकाली गई, जिसमें 500 से अधिक नागरिक शामिल हुए. यात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया. गौरव दिवस यात्रा के दौरान क्षेत्रीय विधायक बालकृष्ण पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी, कलेक्टर भव्या मित्तल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किला परिसर में ध्वजारोहण किया. वहीं, ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति नारों के बीच निकली इस यात्रा में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. यात्रा जहां-जहां से गुजरी, वहां लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया.
गंगा जैसी कुंदा की आरती
महोत्सव के पहले दिन शाम को शहर की जीवनदायिनी कुंदा नदी के पावन तट पर विशेष आयोजन हुआ. गंगा की तर्ज पर कुंदा की महाआरती की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए. मंत्रोच्चार, दीपों की कतार और नदी तट पर सजी रोशनी ने दृश्य को अलौकिक बना दिया. इस दौरान नगर पालिका द्वारा भव्य आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा शहर जगमगा उठा. वहीं, कुंदा नदी में सैकड़ों दीप प्रवाहित किए गए, जिससे कुंदा का आंचल रोशन हो उगा. परिवारों के साथ पहुंचे नागरिकों ने भी दीपदान किया.
नागपुर के कलाकारों की प्रस्तुति
इस अवसर आरती के बाद नागपुर से आए कलाकारों द्वारा नगाड़ों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया. भारी नगाड़ों की गूंज और ताल पर झूमते कलाकारों ने माहौल में जोश भर दिया. इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने लोकनृत्य और गीतों की प्रस्तुतियां देकर उत्सव को और भी खास बना दिया.
दूसरे दिन भी होंगे सांस्कृतिक आयोजन
गौरव दिवस महोत्सव के दूसरे दिन 15 जनवरी 2026 को भी कुंदा नदी के तट पर स्कूली विद्यार्थियों एवं कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी. इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर शहर का नाम रोशन करने वाले 50 से अधिक लोगों का सम्मान भी किया जाएगा. नगर गौरव दिवस के अंतर्गत रंगोली, मेंहदी, खेलकूद जैसी प्रतियोगिताओं में शामिल विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें