शहर के मुरार थाना क्षेत्र में एक छात्र के साथ ऑनलाइन फ्रॉड का मामला सामने आया है। टेलीग्राम ऐप पर ऑनलाइन रेटिंग का टास्क देकर ठगों ने छात्र से साढ़े तीन लाख रुपए ठग लिए। ठगी के बाद भी आरोपी लगातार छात्र से और पैसे जमा करने का दबाव बना रहे हैं और टास्क पूरे नहीं करने पर कोर्ट केस की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक उपनगर मुरार के लाल टिपारा क्षेत्र में रहने वाला अमन कुशवाह (पुत्र सीताराम कुशवाह) बीबीए का छात्र है। कुछ दिन पहले उसके वॉट्सऐप पर एक लिंक आया। लिंक खोलते ही उसे टेलीग्राम ऐप से जुड़ी जानकारी मिली। टेलीग्राम पर ज्वाइन करने के बाद उसे एक ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर छोटे-छोटे ऑनलाइन टास्क दिए जा रहे थे। होटलों की ऑनलाइन रेटिंग देने को कहा ग्रुप में बताया गया कि घर बैठे होटल और अन्य संस्थानों को ऑनलाइन रेटिंग देनी होगी, जिसके बदले अच्छा मुनाफा मिलेगा। अमन ने जब बातचीत की तो उसे पहले टास्क के लिए 300 रुपए जमा करने को कहा गया। टास्क पूरा करने पर उसे 500 रुपए मिले, जिससे उसे 200 रुपए का फायदा हुआ। शुरुआती मुनाफा देखकर उसका भरोसा बढ़ गया। अकाउंट में पैसे दिखे पर निकले नहीं इसके बाद अमन ने पांच हजार रुपए लगाकर लगातार टास्क पूरे करना शुरू कर दिए। कुछ समय बाद उसके अकाउंट में अच्छी रकम दिखाई देने लगी, लेकिन जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो निकासी नहीं हो पाई। ग्रुप पर पूछने पर ठगों ने कहा कि रकम निकालने के लिए और पैसे जमा करने होंगे। अकाउंट में दिख रही राशि पाने के लालच में अमन ने बार-बार पैसे जमा किए और इस तरह वह साढ़े तीन लाख रुपए तक गंवा बैठा। जब इसके बाद भी ठगों ने और पैसे मांगे, तब अमन को ठगी का अहसास हुआ। उसने तुरंत मुरार थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है मुरार थाना पुलिस के अनुसार अमन ने शिकायत की है कि उसे ऑनलाइन टास्क और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठगों ने साढ़े तीन लाख रुपए ठग लिए हैं। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और साइबर एंगल से जांच की जा रही है।
Source link