सीहोर जिले की रेहटी पुलिस ने रूद्रधाम आश्रम, रमगढ़ा में हुई चोरी का गुरुवार को खुलासा कर दिया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी का सामान भी जब्त कर लिया गया है। रेहटी थाना क्षेत्र के रूद्रधाम आश्रम मंदिर, रमगढ़ा निवासी विनीत तिवारी ने 9 दिसंबर की रात चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि शनि मंदिर के शटर का ताला तोड़कर सिंदूरी रंग की दान पेटी चुरा ली गई थी, जिसमें लगभग 5,000 रुपए नकद थे। इस रिपोर्ट के आधार पर रेहटी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीपक कुमार शुक्ला और एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही युसूफ (43 वर्ष, निवासी पानीगांव, देवास) से पूछताछ की गई। पूछताछ में युसूफ ने अपने साथियों असलम (30 वर्ष) और नर्मदा प्रसाद मालवीय (40 वर्ष), दोनों निवासी पानीगांव, देवास के साथ मिलकर रूद्रधाम आश्रम में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई दान पेटी, 1,920 रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार (MP-41- CA-7965) जब्त कर ली है।
Source link