विदिशा में गुरुवार को 56वें कनारा क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में इंडियन नेवी ने फरीदाबाद को 16 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में मध्य प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विधायक मुकेश टंडन, कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी भी मौजूद थे। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी इस खिताबी मैच को देखने पहुंचे थे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडियन नेवी की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए। टीम ने तेज शुरुआत की। मोहित अहलावत ने 25 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। कुंवर पाठक ने 29 रन और शुभम रोहिल्ला ने 23 रन का योगदान दिया। फरीदाबाद की ओर से प्रांजल सिंह ने 4 विकेट लेकर रन गति नियंत्रित करने का प्रयास किया। 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फरीदाबाद की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने पारी संभाली। कृष्णा भदाना ने 55 रन, हर्ष यादव ने 60 रन और शिवांश मिश्रा ने नाबाद 54 रन बनाकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। हालांकि, अंतिम ओवरों में इंडियन नेवी के पूनम पूनिया ने महत्वपूर्ण विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ा। पूनम पूनिया ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए, जिसके कारण फरीदाबाद की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट पर 186 रन ही बना सकी। मंत्री प्रहलाद पटेल ने विजेता इंडियन नेवी और उपविजेता फरीदाबाद टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए। पूनम पूनिया (इंडियन नेवी) को मैन ऑफ द मैच, अंशुल गुप्ता (कप्तान, इंडियन नेवी) को मैन ऑफ द सीरीज, मोहित अहलावत (इंडियन नेवी) को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और प्रांजल सिंह (फरीदाबाद) को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार दिया गया। पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। प्रतियोगिता के दौरान 398 चौके और 249 छक्के लगाए गए। गेंदबाज़ों ने भी प्रभाव छोड़ा और 224 विकेट गिरे। टूर्नामेंट में 3 शतक और 20 अर्धशतक देखने को मिले।
Source link