Last Updated:
washington sunder injury update: सुंदर की चोट गंभीर प्रकृति की हो सकती है और उन्हें आगे के रिहैबिलिटेशन के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) भेजा जाएगा. रिपोर्ट में बताया गया है कि सुंदर इस वीकेंड तक बेंगलुरु पहुंच सकते हैं. सूत्र के मुताबिक, CoE में बीसीसीआई की मेडिकल टीम सुंदर की पूरी तरह जांच करेगी
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लग सकता है, क्योंकि वॉशिंगटन सुंदर की चोट पहले के अनुमान से कहीं अधिक गंभीर बताई जा रही है. तमिलनाडु के इस ऑलराउंडर को भारत बनाम न्यूज़ीलैंड पहले वनडे के दौरान पसली में चोट लगी थी, जिसके चलते उन्हें न सिर्फ पूरी वनडे सीरीज़ से बाहर कर दिया गया, बल्कि आगामी टी20 मुकाबलों से भी बाहर होना पड़ा. अब सामने आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुंदर की चोट उम्मीद से ज्यादा गंभीर हो सकती है और उन्हें टी20 विश्व कप 2026 के लिए फिट होने की दौड़ में समय के खिलाफ लड़ाई लड़नी पड़ सकती है.
सूत्र के अनुसार, सुंदर की चोट गंभीर प्रकृति की हो सकती है और उन्हें आगे के रिहैबिलिटेशन के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) भेजा जाएगा. रिपोर्ट में बताया गया है कि सुंदर इस वीकेंड तक बेंगलुरु पहुंच सकते हैं. सूत्र के मुताबिक, CoE में बीसीसीआई की मेडिकल टीम सुंदर की पूरी तरह जांच करेगी, जिसके बाद उनके रिकवरी टाइमलाइन और आगे की रणनीति तय की जाएगी.
सुंदर की चोट गंभीर है!
सूत्र ने बताया कि शुरुआती जांच में इसे एक सामान्य साइड स्ट्रेन माना गया था, लेकिन फिलहाल यह उससे कहीं ज्यादा गंभीर लग रहा है. CoE में की जाने वाली विस्तृत जांच के बाद ही रिकवरी की समयसीमा पर स्पष्टता आएगी. वह इस वीकेंड तक सेंटर पहुंच जाएंगे, जिसके बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम आगे की प्रक्रिया तय करेगी. फिलहाल दर्द बना हुआ है और यह एक तीव्र (एक्यूट) चोट है. लेकिन इसकी ग्रेडिंग और बाकी सभी पहलुओं की जानकारी CoE में ही सामने आएगी, जिसके आधार पर रिटर्न-टू-प्ले (RTP) प्रोटोकॉल तय किए जाएंगे.
टीम प्रबंधन नहीं चाहता जल्दबाज़ी
15 सदस्यीय टी20 विश्व कप टीम में शामिल सुंदर की जगह भारत बनाम न्यूज़ीलैंड वनडे सीरीज़ के बाकी मैचों के लिए आयुष बदोनी को शामिल किया गया है. एक बीसीसीआई अधिकारी ने बताया कि टीम प्रबंधन सुंदर को जल्दबाज़ी में मैदान पर उतारने के पक्ष में नहीं है.हालांकि, अगर उनकी रिकवरी सही दिशा में जाती है, तो वह टी20 विश्व कप के दूसरे चरण में खेलते हुए नज़र आ सकते हैं यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि वह कितनी जल्दी फिट होते हैं और बीसीसीआई की मेडिकल टीम क्या राय देती है. गौरतलब है कि टीमें 31 जनवरी तक अपने स्क्वॉड में बदलाव कर सकती हैं. बीसीसीआई अधिकारी ने आगे कहा,वॉशिंगटन सुंदर भारतीय टीम के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं. वह तीनों फॉर्मेट खेलने वाले क्रिकेटर हैं और वनडे सीरीज़ से पहले घरेलू क्रिकेट भी खेल चुके थे. ऐसे में आखिरी चीज़ जो आप चाहेंगे, वह है उन्हें जल्दबाज़ी में वापस मैदान पर उतारना. मेडिकल टीम को यह तय करना होगा कि यह सिर्फ साइड स्ट्रेन है या पसलियों से जुड़ी कोई गंभीर समस्या. इसका जवाब सिर्फ विशेषज्ञ ही दे सकते हैं. अगर सुंदर के टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से में खेलने की भी संभावना बनती है, तो टीम का थिंक टैंक उन पर भरोसा बनाए रखेगा.