शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर में टमाटर खरीद-बिक्री के नाम पर लाखों रुपए का भुगतान न करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, जबकि आरोपी व्यापारी फरार बताया जा रहा है। फरियादी सीताराम यादव (39), निवासी ग्राम शंकरपुर, थाना सिरसौद, शिवपुरी ने बताया कि मोहम्मद आमिर, निवासी मुरादाबाद, उनके गांव में एजेंट गणेशराम यादव के घर पर रुककर किसानों से टमाटर खरीद रहा था। पहले कई बार समय पर भुगतान मिलने के कारण किसानों का उस पर भरोसा बन गया था। 1 दिसंबर 2025 को सीताराम यादव ने 438 क्रेट टमाटर 800 रुपए प्रति क्रेट के हिसाब से लगभग 3 लाख 50 हजार रुपए में बेचे। इसी प्रकार, गांव के अन्य किसान नेपाल यादव, प्रदीप शिवहरे, जनवेद जाटव, महेन्द्र यादव, यशपाल यादव और दरबार यादव से भी व्यापारी ने टमाटर खरीदे। सभी किसानों से कुल 8 लाख 24 हजार रुपए के टमाटर खरीदे गए। भुगतान न मिलने और व्यापारी द्वारा लगातार टालमटोल करने से परेशान होकर, पीड़ित किसानों ने 24 दिसंबर 2025 को शिवपुरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई। पीड़ित किसानों के अनुसार, व्यापारी ने 1 दिसंबर 2025 को वाहन क्रमांक HR 69 E 7647 और 5 दिसंबर 2025 को वाहन क्रमांक RJ 11 GD 2625 के माध्यम से कुल 1030 क्रेट टमाटर दिल्ली भेजे थे। 10 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7:30 बजे वह बिना बताए गांव से फरार हो गया और बाद में उसका मोबाइल भी बंद हो गया। किसानों का आरोप है कि व्यापारी ने विश्वास में लेकर भुगतान नहीं किया, जिससे उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
Source link