Last Updated:
Pudina Ke Fayde: प्रकृति ने हमें कई ऐसे औषधीय पौधे दिए हैं. जिन्हें घर के बागीचे या गमले में आसानी से उगाया जा सकता है. पुदीना उन्हीं में से एक है जो कम जगह, कम खर्च और थोड़ी सी देखभाल में सालभर हरा-भरा रहता है. जनवरी का महीना पुदीना लगाने के लिए अनुकूल माना जाता है. क्योंकि इस समय मौसम ठंडा और नमी वाला होता है. वही, पुदीना कई बीमारियों को भी खत्म करता है.
पुदीना एक सुगंधित औषधीय पौधा है. जो भारतीय रसोई में खास स्थान रखता है. चटनी, रायता, शरबत और सब्जियों में इस्तेमाल होने वाला पुदीना सिर्फ स्वाद नहीं बढ़ाता. बल्कि शरीर को अंदर से मजबूत भी बनाता है. आयुर्वेद में इसे कई रोगों की दवा माना गया है.

विशेषज्ञ बताते हैं कि, पुदीना का वैज्ञानिक नाम Mentha arvensis है. यह एक तेजी से फैलने वाला औषधीय पौधा है. जिसकी पत्तियां सुगंधित और औषधीय गुणों से भरपूर होती हैं. यह जमीन में फैलकर उगता है. इसलिए इसे गमले या सीमित जगह में लगाना ज्यादा अच्छा माना जाता है.

जनवरी के महीने में पुदीना लगाने के लिए हल्की ठंड और धूप वाला स्थान चुनना चाहिए. इसे बीज की बजाय कटिंग या जड़ों से लगाना ज्यादा सफल रहता है. पुराने स्वस्थ पौधे की 4 से 6 इंच लंबी टहनी लेकर सीधे मिट्टी में लगा सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पुदीना लगाने के लिए मिट्टी भुरभुरी और जल निकास वाली होनी चाहिए. गमले में मिट्टी, गोबर की सड़ी खाद और रेत को बराबर मात्रा में मिलाएं. इससे पौधे की जड़ें जल्दी फैलती हैं और पौधा तेजी से बढ़ता है.

पुदीना के पौधे नजदीकी नर्सरी, कृषि विभाग की पौधशाला या स्थानीय बाजार से आसानी से मिल जाते हैं. कई किसान पुराने पौधों की जड़ें या कटिंग भी दे देते हैं. जिन्हें सीधे गमले या क्यारी में लगाया जा सकता है.

पुदीना को रोजाना ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती है. जनवरी में सप्ताह में दो से तीन बार हल्का पानी देना पर्याप्त होता है. ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो. वरना जड़ सड़ने की समस्या हो सकती है.

पुदीना की अच्छी बढ़वार के लिए समय-समय पर पत्तियों की कटाई करते रहें. इससे नई कोपलें निकलती हैं और पौधा घना बनता है. महीने में एक बार गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट डालने से पौधा हरा-भरा और सुगंधित बना रहता है.

आयुर्वेद विशेषज्ञ (एमडी) डॉ. संतोष मौर्य बताते हैं कि, पुदीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद औषधीय पौधा है. यह पाचन तंत्र को मजबूत करता है. गैस, अपच, पेट दर्द और एसिडिटी में राहत देता है. सर्दी, खांसी और जुकाम में पुदीना लाभ पहुंचाता है. गर्मियों में यह शरीर को ठंडक देता है और लू से बचाव करता है. मुंह की दुर्गंध दूर करने, दांत-मसूड़ों को मजबूत रखने और त्वचा की समस्याओं में भी पुदीना उपयोगी माना जाता है.