Last Updated:
डेविड वॉर्नर बेशक इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हो गए हों, लेकिन इस समय वह बिग बैश लीग में एक के बाद एक धमाकेदार पारी खेल रहे हैं. वार्नर ने सिडनी थंडर की ओर से खेलते हुए सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ शानदार शतक लगाया. उन्होंने इस दौरान विराट कोहली के टी20 में बनाए गए नौ शतकों को पीछे छोड़ दिया. वॉर्नर हमवतन स्टीव स्मिथ के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गए हैं जबकि पाकिस्तान के बाबर आजम का रिकॉर्ड भी खतरे में पड़ गया है.
नई दिल्ली. डेविड वॉर्नर का बल्ला टी20 में लगातार रन उगल रहा है. इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट के ऐलान के बाद बाएं हाथ के विस्फोटक ओपनर वॉर्नर इस समय बिग बैश लीग में खेल रहे हैं. वह बीबीएल में सिडनी थंडर की ओर से खेल रहे हैं. वॉर्नर ने सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ मुकाबले में 65 गेंदों पर 110 रन की शानदार पारी खेली. एक छोर से जहां विकेट गिरते रहे वहीं दूसरे छोर पर वॉर्नर वनमैन आर्मी की तरह डटे रहे. उनकी पारी में कंट्रोल, पावर और जबरदस्त समझदारी देखने को मिली जिससे उन्होंने पारी को संभाले रखा. यह एक अकेले योद्धा जैसा प्रयास था, जिसने सभी को याद दिलाया कि वह सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक क्यों हैं. वॉर्नर ने इस दौरान विराट कोली के एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया. इस शतक के दम पर वॉर्नर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में कोहली से आगे निकल गए.
डेविड वॉर्नर (David Warner) के टी20 क्रिकेट में 10 शतक हो गए हैं, जो कोहली के नौ शतकों से एक ज्यादा है. टी20 में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों में वॉर्नर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट में वॉर्नर ने आगे वेस्टइंडीज के धुरंधर क्रिस गेल पहले नंबर पर हैं जिनके नाम टी20 में सर्वाधिक 22 शतक हैं जबकि पाकिस्तान के बाबर आजम 11 शतकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं.वॉर्नर ने बीबीएल की पिछली चार पारियों में नाबाद 135, नाबाद 51, 82 और 110 रन की पारी खेली है.
डेविड वॉर्नर ने टी20 में जड़ा दसवां शतक.
वॉर्नर की शतकीय पारी के दम पर थंडर ने 189 रन बनाए
यह रात डेविड वॉर्नर के शतक से कहीं ज्यादा खास थी. यह 11 सीजन में मिचेल स्टार्क का पहला बीबीएल मैच था. स्टार्क ने चार ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि सैम करन सिक्सर्स के लिए गेंदबाज़ी में सबसे आगे रहे, उन्होंने 28 रन देकर 3 विकेट लिए और थंडर को 200 रन का आंकड़ा पार करने से रोका.थंडर ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 189 रन बनाए.
वॉर्नर-कोहली के टी20 में रिकॉर्ड
डेविड वार्नर का बीबीएल इतिहास में यह तीसरा शतक है. उनके आगे बेन मैकडरमॉट और स्टीवन स्मिथ हैं जिन्होंने चार चार शतक जड़े हैं. वार्नर का 2025-26 बीबीएल सीज़न का आठवां शतक था, जो टूर्नामेंट के एक ही एडिशन में अब तक का सबसे ज्यादा है. जब बड़े आंकड़ों को देखा जाता है, तो कोहली के साथ तुलना दिलचस्प हो जाती है. कोहली ने 414 टी20 मैचों में 41.92 की औसत और 134.67 के स्ट्राइक रेट से 13,543 रन बनाए हैं, जिसमें नौ शतक और 105 अर्धशतक शामिल हैं. वहीं, वॉर्नर ने 431 मैचों में 140.45 के स्ट्राइक रेट से 13,918 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक और 115 अर्धशतक शामिल हैं.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें