सिवनी जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहन चालकों पर यातायात पुलिस ने कुल 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई गुरुवार रात के समय की गई वाहन चेकिंग के दौरान की गई, जिसमें लापरवाह वाहन चालकों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया गया। यातायात थाना प्रभारी विजय बघेल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में सिवनी यातायात पुलिस लगातार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रात्रि में थाना यातायात के वाहन चेकिंग दल द्वारा विभिन्न मार्गों पर सघन अभियान चलाया गया। बिना फिटनेस ओवरलोड वाहन पर 5500 का जुर्माना इस दौरान, धान का परिवहन कर रहे वाहन क्रमांक (KA53 C1035) को चेकिंग के लिए रोका गया। जांच में पाया गया कि वाहन बिना फिटनेस के माल का परिवहन कर रहा था और धान उसकी माल बॉडी से बाहर तक भरा हुआ था। यह यातायात नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य वाहनों और राहगीरों के लिए भी खतरा उत्पन्न कर रहा था। मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत संबंधित वाहन चालक पर कार्रवाई करते हुए 5500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। नियम तोड़ने वाले ओवरलोड धान वाहन के चालान काटे इसी प्रकार, एक अन्य वाहन क्रमांक (UP71 CT 5556) को गांधी भवन चौक पर प्रतिबंधित समयावधि में नियमों का उल्लंघन करते हुए प्रवेश करते हुए पाया गया। इस वाहन में भी धान बॉडी से बाहर तक भरा हुआ था। ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक तिलकराम धुर्वे ने वाहन को रोककर थाना यातायात को सूचना दी। इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह परिहार की ओर से कार्रवाई करते हुए वाहन चालक पर 5500 रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया। “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” ही मुख्य उद्देश्य यातायात थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” ही यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य है।
Source link