Mohammed Kaif Yuvraj Singh Virender Sehwag : भारतीय क्रिकेट में 2000 के दशक में सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़ जैसे महान खिलाड़ियों का प्रभाव काफी रहा है. इन दिग्गजों के साथ युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिला और भारतीय क्रिकेट दुनिया में मजबूती से अपने पैर जमाने में सफल हुई. इसमें वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, मोहम्मद कैफ, जहीर खान और हरभजन सिंह जैसे खिलाड़ियों का योगदान काफी रहा. अनुभवी प्लेयर्स के साथ मिलकर इन युवाओं ने उस समय में दुनिया भर में अपना नाम बनाया. युवराज, कैफ और सहवाग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें तीनों हंसी-मजाक करते हुए नजर आ रहे हैं.
कैफ-युवराज और सहवाग की तिकड़ी
सहवाग, युवराज और कैफ के बीच अच्छी दोस्ती है. 2002 की नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ कैफ और युवराज की मैच जिताने वाली अहम साझेदारी क्रिकेट फैंस की यादों में आज भी ताजा है. हालांकि, कैफ 2006 के बाद भारत के लिए नहीं खेल पाए, लेकिन युवराज और सहवाग ने अपना इंटरनेशनल करियर जारी रखा. दोनों ने 2007 का टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप में अहम योगदान दिया था. हाल ही में तीनों नेटफ्लिक्स पर आने वाले ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के शो पर पहुंचे. उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
कैफ-युवराज का हंसी-मजाक
कपिल के शो पर कैफ ने कहा कि युवराज और सहवाग उनसे कहीं ज्यादा अमीर हैं. शो के टीजर में उन्होंने मजाक में कहा, ”अगर युवराज और सहवाग एक-दूसरे से कंधे टकराएंगे, तो 5-6 करोड़ रुपये ऐसे ही गिर जाएंगे. मैं उनसे बहुत ज्यादा गरीब हूं.” इस पर युवराज ने पलटवार करते हुए कैफ के मजे ले लिए. उन्होंने पूछा, ”तुमने कौन से जूते पहने हैं?” कैफ ने जवाब दिया, ”गुच्ची.” फिर युवराज ने कहा, ”क्या यह गरीब है?”
ये भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप का बवाल… बांग्लादेश ने भारत आने से किया इनकार, अब क्या करेगी जय शाह की टीम?
2002 में खेली थी ऐतिहासिक पारी
दाएं हाथ के बल्लेबाज कैफ ने मार्च 2000 में बेंगलुरु में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. उन्होंने छह साल से ज्यादा के करियर में भारत के लिए 13 टेस्ट और 125 वनडे खेले. कैफ को कई पारियों और कैचों के लिए याद किया जाता है, लेकिन शायद कोई भी पारी उतनी अहम नहीं थी जितनी 2002 में लॉर्ड्स में नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 326 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी 87 रन की नाबाद पारी थी.
ये भी पढ़ें: 6, 6, 6, 6… टेस्ट खत्म अब स्मिथ पर सवार T20 का ‘भूत’,आसमान ताकते रहे बाबर आजम
कैफ का करियर
युवराज सिंह (69) के साथ मिलकर कैफ ने छठे विकेट के लिए 121 रन जोड़े और भारत को 146 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद मैच में वापसी करने में मदद की. भारत ने वह मैच दो विकेट से जीत लिया. कैफ उस भारतीय टीम का हिस्सा थे जो साउथ अफ्रीका में 2003 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी. उन्होंने अपने वनडे करियर में 32.01 की औसत से 2,753 रन बनाए. इसमें दो शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने 13 टेस्ट मैचों में 32.84 की औसत से 624 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं.