नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर जारी विवाद के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही बांग्लादेश का दौरा करने वाला है. इस मीटिंग का मकसद 7 फरवरी से भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप में बांग्लादेश की भागीदारी पर आमने-सामने की चर्चा है.
यह घटनाक्रम बांग्लादेश के खेल मंत्रालय और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के बीच चल रहे गतिरोध के बीच सामने आया है, जिसमें दोनों ने यह स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय टीम भारत नहीं जाएगी और केवल श्रीलंका में ही अपने मैच खेलेगी. चलिए आपको अबतक भारतीय क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच तनातनी की पूरी टाइमलाइन समझाते हैं कि किस दिन क्या हुआ और ये विवाद कैसे बढ़ता ही गया.
16 जनवरी: आईसीसी के प्रतिनिधिमंडल की बांग्लादेश क्रिकेट संघ के अधिकारियों से आमने-सामने की बातचीत के लिए मुलाकात की खबर सामने आई.
15 जनवरी: खिलाड़ियों ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग का बहिष्कार कर दिया, इसके बैकग्राउंड में टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेशी खिलाड़ियों का भारत के प्रति नरम रुख रहा.
13 जनवरी: बांग्लादेश बोर्ड ऑफ बांग्लादेश (बीसीबी) अपने रुख पर अडिग है कि बांग्लादेश टी-20 विश्व कप के लिए भारत नहीं जाएगा.
12 जनवरी: आईसीसी के सुरक्षा आकलन के अनुसार, भारत में बांग्लादेश टीम को कोई विशेष खतरा नहीं है.
10 जनवरी: टी-20 विश्व कप विवाद पर नाराज शंटो ने कहा, ‘हम ऐसा व्यवहार करते हैं जैसे हमें कुछ भी प्रभावित नहीं करता.’
7 जनवरी: बांग्लादेश के खेल सलाहकार का कहना है, ‘हम श्रीलंका में टी-20 विश्व कप खेलना चाहते हैं.’
7 जनवरी: बीसीबी ने कहा, ‘आईसीसी भारत में टी-20 विश्व कप खेलने को लेकर चिंताओं का समाधान करने को तैयार है.
6 जनवरी: आईसीसी ने बांग्लादेश से कहा: भारत में खेलें या अंक गंवाएं.
6 जनवरी: भारत में टी-20 विश्व कप मैच खेलने से इनकार करने पर आईसीसी बीसीबी से मुलाकात करेगा.
5 जनवरी: मुस्तफिजुर विवाद के चलते बांग्लादेश ने आईपीएल प्रसारण पर प्रतिबंध लगाया.
4 जनवरी: बांग्लादेश ने टी-20 विश्व कप के लिए भारत जाने से इनकार किया.
3 जनवरी: मुस्ताफिजुर विवाद के बीच बांग्लादेश टी-20 विश्व कप मैच को भारत से बाहर स्थानांतरित करने पर विचार कर रहा है.
3 जनवरी: बीसीसीआई के बाद केकेआर ने मुस्ताफिजुर को आईपीएल 2026 टीम से बाहर कर दिया.
बायकॉट के बाद दोबारा शुरू हुआ मैच
बांग्लादेश के नाराज क्रिकेटरों ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और खिलाड़ियों के कल्याण संघ के बीच सहमति बनने के बाद बीपीएल का बहिष्कार खत्म कर दिया, जिससे टूर्नामेंट दोबारा बहाल हो गया. इससे पहले गुरुवार को दोनों मैच बिना टॉस के ही रद्द करने पड़े थे. बृहस्पतिवार को सीनियर खिलाड़ियों ने बीसीबी निदेशक नजमुल इस्लाम की उनके खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में बगावत कर दी थी, जिससे बोर्ड की शीर्ष टी-20 लीग के ठप होने का खतरा पैदा हो गया था.