India vs New Zealand 3rd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला कल यानी रविवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा. इंदौर में ‘करो या मरो’ का मुकाबला होगा. तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है. भारत को अगर इस ODI सीरीज पर कब्जा करना है तो उसे हर हाल में इंदौर के मैदान पर जीत दर्ज करनी होगी. बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा में खेला गया पहला मुकाबला भारत ने 4 विकेट से जीता था. वहीं, राजकोट में खेले गए दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पलटवार करते हुए भारत को 7 विकेट से हरा दिया.
इंदौर में शतक जड़ते ही विराट कोहली रच देंगे इतिहास
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में महान क्रिकेटर रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग का एक प्रचंड रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर खड़े हुए हैं. विराट कोहली जब इंदौर में कल न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में खेलने उतरेंगे तो उनके पास एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा.
वर्ल्ड रिकॉर्ड बना देंगे विराट कोहली
विराट कोहली अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में होने वाले तीसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में शतक जड़ देते हैं, तो वह रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ देंगे. विराट कोहली ऐसे में रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग को पछाड़ते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 7 शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
पीछे छूट जाएंगे पोंटिंग और सहवाग
वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 6-6 शतक लगाए हैं. विराट कोहली ने भी अभी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 6 शतक लगाए हैं. यानी एक शतक और जड़ते ही विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में सबसे ज्यादा 7 सेंचुरी लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI शतक ठोकने वाले बल्लेबाज
1. वीरेंद्र सहवाग – 23 ODI मैचों में 6 शतक
2. रिकी पोंटिंग – 50 ODI मैचों में 6 शतक
3. विराट कोहली – 35 ODI मैचों में 6 शतक
4. सचिन तेंदुलकर – 41 ODI मैचों में 5 शतक
5. सनथ जयसूर्या – 45 ODI मैचों में 5 शतक
न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में विराट कोहली का बेस्ट स्कोर
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली का बेस्ट स्कोर नाबाद 154 रन है. विराट कोहली ने 23 अक्टूबर 2016 को मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए ODI मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 134 गेंदों में नाबाद 154 रनों की पारी खेली थी. विराट कोहली ने अपनी इस पारी में 16 चौके और 1 छक्का लगाया था. भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ यह मैच 7 विकेट से जीता था.
विराट कोहली का न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI रिकॉर्ड
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 35 ODI मैचों में 55.40 की औसत से 1773 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं. बता दें कि विराट कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. अब भारत का यह धाकड़ बल्लेबाज सिर्फ वनडे इंटरनेशनल फॉर्मेट में ही खेलता है. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली ने अभी तक 310 मैचों में 58.45 की औसत से 14673 रन बनाए हैं. विराट कोहली ने इस दौरान वनडे में 53 शतक और 77 अर्धशतक जमाए हैं.