कटनी के राखी गांव में तेंदुआ घुसा: दो मकानों के बीच फंसा, एक ग्रामीण घायल; रेस्क्यू टीम बुलाई – Katni News

कटनी के राखी गांव में तेंदुआ घुसा:  दो मकानों के बीच फंसा, एक ग्रामीण घायल; रेस्क्यू टीम बुलाई – Katni News




कटनी जिले के बहोरीबंद वन परिक्षेत्र के राखी गांव में शनिवार देर शाम एक तेंदुआ घुस गया। जंगल से सटे दो मकानों के बीच फंसने के बाद तेंदुए ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रमैया कुटी के पास रहने वाले विनीत नायक और राजकुमार बंशकर के घरों के बीच बनी संकरी दीवारों में तेंदुआ फंस गया। बाहर निकलने की कोशिश में तेंदुए ने जोर-जोर से दहाड़ना शुरू कर दिया, जिससे ग्रामीण सहम गए। ग्रामीणों का मानना है कि संकरी जगह में फंसने के कारण तेंदुआ अधिक आक्रामक हो गया था। तेंदुए को देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान तेंदुए ने गांव के संतोष काछी नामक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर तैनात है। तेंदुए को सुरक्षित निकालने के लिए जबलपुर से रेस्क्यू टीम का इंतजार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में केवल एक नहीं, बल्कि तीन-चार तेंदुए सक्रिय हैं। मादा तेंदुए के साथ दो-तीन शावक भी देखे गए हैं, जो वर्तमान में भटिया के ऊपरी हिस्से में सुरक्षित स्थान पर रहते हैं। राखी गांव के पास स्थित रमैया कुटी, सुरयारी और बुढार भटिया के जंगलों में अक्सर इन तेंदुओं की हलचल बनी रहती है। ये तेंदुए अक्सर बड़े तालाब के पास पानी पीने और शिकार की तलाश में बस्ती के करीब आ जाते हैं।हालांकि वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम जिला वन अधिकारी गर्वित गंगवार ने बताया कि​वन विभाग की टीम मौके पर मुस्तैद है। तेंदुए की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। जबलपुर से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है, जो रास्ते में है। टीम के पहुंचते ही सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।



Source link