अजिंक्य रहाणे टीम इंडिया से बहुत लंबे वक्त से बाहर चल रहे हैं. यह धाकड़ बल्लेबाज मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन के बाकी मैचों में नहीं खेलेगा. रहाणे ने रणजी ट्रॉफी मैचों से अपना नाम वापस ले लिया है. अजिंक्य रहाणे ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को जानकारी दी है कि वह निजी कारणों से सीजन के रेड बॉल मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे.
मुंबई को रणजी ट्रॉफी जिता चुके रहाणे
मुंबई टीम लीग के दूसरे स्टेज के लिए नए खिलाड़ियों के साथ चयन करेगी. रणजी ट्रॉफी में मुंबई को हैदराबाद और दिल्ली के खिलाफ अहम मैच खेलने हैं. रहाणे ने 2025-26 के घरेलू सीजन से पहले मुंबई की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था. इसके बाद शार्दुल ठाकुर को मुंबई का नया कप्तान नियुक्त किया गया था. रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने 2023-24 में रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था और सात साल का सूखा खत्म किया था.
मुंबई के लिए रहाणे ने 19 शतक लगाए
पिछले सीजन में मुंबई रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में विदर्भ से हार गई थी. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रहाणे मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में दूसरे नंबर पर हैं. 2007 से 2025 तक 80 मैचों में उन्होंने 57.18 की औसत से 6,141 रन बनाए. अजिंक्य रहाणे सिर्फ वसीम जाफर से पीछे हैं. मुंबई के लिए रहाणे ने 19 शतक लगाए हैं.
जुलाई 2023 के बाद से भारतीय टीम से बाहर चल रहे रहाणे
अजिंक्य रहाणे ने न सिर्फ मुंबई और भारतीय घरेलू क्रिकेट बल्कि भारतीय टीम के भी बड़े बल्लेबाज रहे हैं. अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने भारतीय टीम को ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत दिलाई थी. जुलाई 2023 के बाद से भारतीय टीम से बाहर चल रहे रहाणे ने भारतीय टीम के लिए 85 टेस्ट की 144 पारियों में 12 शतक और 26 अर्धशतक लगाते हुए 5,077 रन बनाए हैं. इसके अलावा 90 वनडे में 3 शतक और 24 अर्धशतक की मदद से 2,962 और 20 टी20 में 1 अर्धशतक की मदद से 375 रन उनके नाम दर्ज हैं.