मानपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर पुलिया के पास शनिवार को नहर में अज्ञात युवक का शव मिला। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नहर के किनारे से गुजर रहे ग्रामीणों ने पानी में शव को देखा, जिसके बाद मानपुर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मानपुर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और नहर में तैर रहे शव को बाहर निकलवाया। शव की हालत को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत कुछ समय पहले हुई है। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया, युवक की शिनाख्त नहीं मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सतीश दुबे ने बताया कि पुलिस को ग्रामीणों की ओर से हीरापुर पुलिया के पास नहर में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि शव की पहचान की जा सके। इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे मृतक के संबंध में कोई सुराग मिल सके। पुलिस ने पहचान के लिए आमजन से अपील की पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी थाने में किसी युवक के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज है या किसी व्यक्ति को इस अज्ञात शव के बारे में कोई जानकारी है, तो वह मानपुर थाना पुलिस को अवगत कराएं। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है। अज्ञात युवक का शव मिलने के बाद क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं जारी हैं।
Source link