भारत के महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने 18 साल पहले आज ही के दिन टेस्ट क्रिकेट में बड़ा चमत्कार किया था. अनिल कुंबले ने 17 जनवरी 2008 को अपना 600वां टेस्ट विकेट लिया था. पर्थ के WACA में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे टेस्ट में खेलते हुए अनिल कुंबले ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी. अनिल कुंबले ने इस टेस्ट मैच की पहली पारी में एंड्रयू साइमंड्स का विकेट लेकर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया था.
कुंबले ने टेस्ट में किया था बड़ा चमत्कार
अनिल कुंबले इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट में 600 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए. अनिल कुंबले ने अपने शानदार करियर का अंत 619 टेस्ट विकेट के साथ किया था. अनिल कुंबले टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में मुथैया मुरलीधरन (800), शेन वॉर्न (708) और जेम्स एंडरसन (704) के बाद अनिल कुंबले चौथे नंबर पर आते हैं.
छू लिया था 600 विकेट का जादुई रिकॉर्ड
अनिल कुंबले ने 271 वनडे मैचों में 337 विकेट भी लिए हैं. टेस्ट में अनिल कुंबले ने 132 बार भारत का प्रतिनिधित्व किया है. अनिल कुंबले उन सिर्फ तीन गेंदबाजों में से एक हैं, जिन्होंने एक पारी में सभी 10 विकेट लिए हैं. उन्होंने यह उपलब्धि फरवरी 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच के दौरान हासिल की थी. 17 जनवरी 2008 को अनिल कुंबले ने पर्थ टेस्ट की पहली पारी में एंड्रयू साइमंड्स को ड्रेसिंग रूम वापस भेज दिया. ऑफ स्टंप के बाहर एक शॉर्ट पिच गेंद पर, साइमंड्स ने शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर निकली और राहुल द्रविड़ ने कैच पूरा किया. एंड्रयू साइमंड्स को आउट करते ही अनिल कुंबले ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 600वां विकेट पूरा किया. एंड्रयू साइमंड्स 66 रन बनाकर आउट हुए.
पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की जीत
अनिल कुंबले ने 12 ओवर में 2/42 के आंकड़े के साथ पहली पारी खत्म की. पहली पारी में अनिल कुंबले का दूसरा शिकार शॉन टेट थे. भारत के पहली पारी में 330 रन के टोटल के जवाब में, ऑस्ट्रेलियाई टीम 212 रन ही बना पाई. आरपी सिंह गेंदबाजी में भारत के स्टार परफॉर्मर रहे, जिन्होंने पहली पारी में चार विकेट लिए. अनिल कुंबले के अलावा, इरफान पठान और ईशांत शर्मा ने पहली पारी में दो-दो विकेट लिए. भारत ने दूसरी पारी में कुल 294 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के सामने 413 रनों का टारगेट रखा. अनिल कुंबले ने दूसरी पारी में दो और विकेट लिए और पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. ऑस्ट्रेलियाई टीम को 72 रनों से हार मिली.