न्यूजीलैंड की भारत में ऐतिहासिक जीत, पहली बार वनडे सीरीज किया अपने नाम

न्यूजीलैंड की भारत में ऐतिहासिक जीत, पहली बार वनडे सीरीज किया अपने नाम


Last Updated:

New Zealand first time wins odi series in india: न्यूजीलैंड ने पहली बार भारत में वनडे सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया है. मेहमान टीम ने तीसरे और अंतिम वनडे मैच में मेजबान भारत को41 रन से हराया. कीवी टीम की वनडे में भारत में यह पहली सीरीज जीत है. इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम ने भारत में 16 वनडे सीरीज खेले थे. मेहमान टीम ने 17वीं बार में पहली बार भारत को भारत में वनडे सीरीज में मात दी. भारत ने मार्च 2019 के बाद से पहली बार घर में द्विपक्षीय वनडे सीरीज गंवाया है.

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में पहली बार गंवाई वनडे सीरीज.

नई दिल्ली.  न्यूजीलैंड ने भारत में वनडे सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया है. ऐसा पहली बार हुआ है जब भारत को न्यूजीलैंड ने उसी के घर में वनडे सीरीज में पटखनी दी. कीवी टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीती. न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 338 रन का लक्ष्य रखा था. भारतीय टीम विराट कोहली के शतक और हर्षित राणा के अर्धशतक के बावजूद 246 रन पर ढेर हो गई. विराट कोहली ने 108 गेंदों पर 124 रन बनाए जबकि हर्षित राणा ने 43 गेंद पर 52 वहीं नितीश रेड्डी ने 57 गेंद पर 53 रन बनाए.

मार्च 2019 के बाद से टीम इंडिया ने पहली बार अपने घर में कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज हारी है. तब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 0-2 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने दमदार वापसी करते हुए सीरीज 3-2 से जीती थी. कीवी टीम ने 1989 से द्विपक्षीय वनडे मैचों के लिए भारत का दौरा किया है, लेकिन यहां पहली बार वनडे सीरीज जीती है.

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में पहली बार गंवाई वनडे सीरीज.

न्यूजीलैंड ने 8 विकेट पर 337 रन बनाए
भारत के तेज गेंदबाजों के शुरुआती झटकों के बावजूद न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल (137 रन) के लगातार दूसरे शतक और ग्लेन फिलिप्स (106 रन) की तूफानी सेंचुरी की मदद से 8 विकेट पर 337 रन बनाए. मिचेल और फिलिप्स ने चौथे विकेट के लिए 188 गेंद में 219 रन की साझेदारी करके पारी की पूरी तस्वीर बदल दी. मिचेल (131 गेंद, 15 चौके, तीन छक्के) ने संयम और नियंत्रण के साथ पारी को संभाला जबकि फिलिप्स (88 गेंद, नौ चौके, तीन छक्के) ने आक्रामक अंदाज में रन गति बढ़ाई जिससे सतर्क शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड की पारी का रूख ही बदल गया.

भारत एक समय पूरी तरह न्यूजीलैंड पर हावी था
भारत एक समय पूरी तरह हावी था. और उसने मेहमान टीम के 58 रन पर तीन विकेट झटक लिए थे. लेकिन मिचेल और फिलिप्स ने संभलकर खेलते हुए पारी को संभाला. बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद न्यूजीलैंड ने पहले दो ओवर में पांच रन पर पहले दो विकेट गंवा दिए थे जिसमें से हेनरी निकोल्स खाता भी नहीं खोल सके. प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में शामिल हुए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में खूबसूरत गेंद पर निकोल्स (0) को बोल्ड किया. अर्शदीप (63 रन देकर तीन विकेट) ने ऑफ स्टंप के करीब से गेंद डाली जिससे असमंजस में पड़े निकोल्स ने देर से बल्ला हटाया और गेंद अंदरूनी किनारा लेकर लेग स्टंप से जा टकराई.

राणा ने तीसरी बार कॉनवे को आउट किया
अर्शदीप और उनके साथी तेज गेंदबाज हर्षित राणा (84 रन देकर तीन विकेट) ने सटीक लेंथ पर गेंद डालते हुए शुरुआती ओवरों में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को रोके रखा. हर्षित ने फिर डेवोन कॉनवे (05) को लगातार तीसरी बार आउट किया. उनकी बैक ऑफ लेंथ गेंद पर कॉनवे बल्ला छूआकर स्लिप में खड़े रोहित शर्मा को कैच दे बैठे. इससे 10 ओवर में न्यूजीलैंड की टीम महज 47 रन ही बना सकी. विल यंग (30) ने 13वें ओवर में हर्षित की गेंद पर डीप बैकवर्ड प्वाइंट के ऊपर से छक्का लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की, लेकिन अपना विकेट गंवा बैठे.

मिचेल ने न्यूजीलैंड की वापसी कराई
यंग ने कट शॉट खेला और बैकवर्ड प्वाइंट पर खड़े रविंद्र जडेजा को आसान कैच दे दिया. इस तरह हर्षित ने यंग और मिचेल के बीच 53 रन की साझेदारी तोड़ी. मिचेल ने बाएं हाथ के कलाई स्पिनर कुलदीप यादव पर शानदार छक्का जड़कर न्यूजीलैंड की वापसी की नींव रखी. कुलदीप ने फिर अपनी लेंथ में बदलाव कर रन गति पर लगाम लगाई. मिचेल ने इस गेंदबाज पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया. 34वें ओवर के बाद गेंद नरम होने से शॉट खेलना मुश्किल हो गया लेकिन होलकर स्टेडियम की छोटी बाउंड्री पर बल्लेबाजों ने जोखिम लेना जारी रखा.

हर्षित ने फिलिप्स को दिया जीवनदान
मिचेल ने नीतिश कुमार रेड्डी पर सपाट छक्का जड़कर तेज खेलना जारी रखा जबकि फिलिप्स ने भी आक्रामक खेलने की कोशिश की। इस दौरान वह आउट होने से बच गए, जब हर्षित कैच लेने के लिए करीब नहीं पहुंच सके. फिलिप्स ने मोहम्मद सिराज (43 रन देकर एक विकेट) को पुल शॉट पर चौका लगाया और अर्शदीप को सीधा छक्का जड़ दिया. मिचेल ने जडेजा की गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया जो इस श्रृंखला में उनका लगातार दूसरा शतक था. फिलिप्स ने भी जडेजा पर छक्का जड़ा और इसी 40वें ओवर में मिचेल ने चौका लगाया जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 237 रन हो गया. भारत ने अंतिम ओवरों में वापसी करते हुए लगातार विकेट झटके. सिराज ने मिचेल की पारी का अंत किया किया जबकि अर्शदीप ने फिलिप्स और जैक फोक्स (10) को पवेलियन भेजा. कुलदीप ने मिचेल हे को एलबीडब्ल्यू आउट किया जिससे न्यूजीलैंड के चार विकेट जल्दी गिर गए. अंत में माइकल ब्रेसवेल (नाबाद 28 रन, एक चौका, तीन छक्के) की तेज पारी की बदौलत न्यूजीलैंड 330 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें

homecricket

न्यूजीलैंड की भारत में ऐतिहासिक जीत, पहली बार वनडे सीरीज किया अपने नाम



Source link