मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. चोरों ने रात के समय कई दुकानों के ताले तोड़ दिए और तीन से चार दुकानों से नकदी लेकर फरार हो गए. चोरी की इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. हैरानी की बात यह है कि चोरों ने एक दुकान में धमकी भरा पत्र भी छोड़ दिया. पत्र में लिखा था कि भाई जान से पंगा लोगे तो अंजाम बुरा होगा और आगे चेतावनी दी गई थी. इस पत्र को पढ़ने के बाद दुकानदारों में डर और गुस्सा दोनों है. दुकानदारों का कहना है कि चोरी से ज्यादा उन्हें इस पत्र ने परेशान किया है. वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.