सीहोर जिले में मौनी और माघ अमावस्या के अवसर पर पवित्र नदियों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से दोपहर बाद तक बड़ी संख्या में लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई। नर्मदा नदी के बुदनी, आवली घाट और नीलकंठ सहित सभी घाटों पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना के बाद पवित्र स्नान किया। इसी तरह पार्वती-अजनाल संगम पर भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही और स्नान का क्रम जारी रहा। मौनी और माघ अमावस्या का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु हर साल पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगाते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं। सुबह न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के बावजूद श्रद्धालुओं ने स्नान किया। दोपहर में धूप तेज होने और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पहुंचने पर भी स्नान का सिलसिला लगातार जारी रहा।
Source link