Last Updated:
Rewa Crime News: रीवा जिले में साइबर ठग शादी कार्ड और आमंत्रण पत्र के जरिए मोबाइल हैक कर बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर कर रहे हैं. रीवा पुलिस ने सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस ने बताया कैसे ठगी की जा रही है और कैसे इससे बचा जाए…
Rewa News: साइबर ठग विभिन्न तरीकों से लोगों को लूट रहे हैं. अब शादी कार्ड एवं आमंत्रण पत्र के जरिए लोगों के एकाउंट खाली किए जा रहे हैं. साइबर ठग कार्ड के जरिए किसी भी मोबाइल को हैक कर लेते हैं. उससे परिचितों के मोबाइल पर फाइल भेजकर बड़ी ठगी की घटनाओं को अंजाम देते हैं. रीवा जिले में भी इसी तरह का मामला सामने आया है, जहां एक मोबाइल को हैक करके फ्रॉड को अंजाम दिया गया. पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने इस तरह के साइबर फ्रॉड में न फंसने की अपील लोगों से की है. बता दें, अब तक जिले के 12 से ज्यादा लोग इस ठगी की चपेट में आ चुके हैं, जिनके बैंक खातों से राशि ट्रांसफर कर ली गई है.
ठग शादी के कार्ड, चालान और बिजली बिल के नाम पर फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर रहे हैं. लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए रीवा पुलिस ने आमजन के लिए साइबर एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है. पीड़ितों में शामिल राजेश मिश्रा ने बताया कि उनके अविवाहित दोस्त के वॉट्सऐप नंबर से शादी का कार्ड आया था. उन्होंने इसे दोस्त की शादी का शुभ संदेश समझा और बिना किसी संदेह के भेजे गए संदेश को खोल लिया. इसके कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल हैंग होने लगा और फिर पूरी तरह हैक हो गया. हैकिंग के बाद उनके बैंक खाते से पैसे ट्रांजैक्शन हो गए. बाद में पता चला कि दोस्त का वॉट्सऐप पहले ही हैक था और उसी के जरिए फाइल आगे भेजी जा रही थी.
ऐसे होती है ठगी
साइबर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पटेल ने बताया, साइबर अपराधियों द्वारा ई-मेल, व्हाट्सएप, टेलीग्राम सहित अन्य इंटरनेट मीडिया साइट के जरिए इस तरह के फ्रॉड को अंजाम दिया जा रहा है. इतना ही नहीं, उनके द्वारा बिजली के बिल, टेलीफोन बिल एवं ऑनलाइन सामान मंगवाने वाली अन्य वेबसाइट के माध्यम से भी फ्रॉड करने की कोशिश की जा रही है. साइबर क्राइम से जुड़े अपराधियों द्वारा पहले किसी भी प्रकार की फाइल भेजी जाती है, उसे जैसे ही मोबाइल धारक डाउनलोड करते हैं, उनका मोबाइल हैक कर लिया जाता है. जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल करता है, मोबाइल का पूरा कंट्रोल साइबर अपराधियों के हाथ में चला जाता है. इसके बाद ओटीपी, पासवर्ड और बैंक डिटेल के जरिए खातों से पैसे निकाल लिए जाते हैं.
पुलिस की अपील… ऐसे रहें सतर्क
रीवा पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान या संदिग्ध एपीके (APK) फाइल को डाउनलोड न करें. शादी का कार्ड या बैंक से जुड़ी कोई सूचना एपीके फाइल के रूप में नहीं आती. केवल गूगल प्ले स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें और मोबाइल में अन्य विकल्प बंद रखें. साइबर की घटनाएं बहुत तेजी से बढ़ रही हैं. हम लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं और लोगों को यह बताने का प्रयास कर रहे हैं कि लोग ठगी का शिकार ना हों. आगे और भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें