इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला 13 जनवरी का है, जब घायल अवस्था में व्यक्ति को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लसूड़िया थाना टीआई तारेश सोनी के अनुसार मृतक की पहचान संजय (45) पुत्र जगन्नाथ गोलाई निवासी स्कीम नंबर 78 के रूप में हुई है। छह दिन पहले घर से लोहे के सरिए चोरी होने को लेकर संजय का अपने बेटे राहुल से विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान राहुल ने कथित तौर पर अपने पिता के साथ मारपीट की, जिससे संजय की तबीयत बिगड़ गई। तबीयत खराब होना बताकर भर्ती कराया परिजनों ने मारपीट की जानकारी पुलिस को नहीं दी और तबीयत खराब होना बताकर संजय को अस्पताल में भर्ती कराया। एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि जब संजय को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे, तब वे गिरने से चोट लगने की बात कह रहे थे। टीआई तारेश सोनी ने बताया कि फिलहाल मामला जांच में है और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। तंबाकू के लिए भतीजे ने बेच दिए सरिए इधर संजय (मृतक) की बहन निर्मला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भतीजे को तंबाकू लाने के लिए पैसे चाहिए थे। इसी बात को लेकर उसने घर के लोहे के सरिए बेच दिए थे। जब संजय ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई।
Source link