उज्जैन के प्रसिद्ध व्यवसायी के घर के बाहर खड़ी कार में दो अज्ञात बदमाशों ने आग लगा दी। आग से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बदमाश कार में आग लगाते हुए दिखाई दे रहे
.
गारमेंट और रियल एस्टेट के कारोबार करने वाले एलपी भार्गव नगर निवासी नरेश धनवानी की कार (क्रमांक MP-13 P 1313) घर के बाहर खड़ी थी। रविवार-सोमवार दरमियानी रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच दो अज्ञात बदमाश सफेद कपड़े लपेटकर बाइक पर आए। पहले उन्होंने कार का कांच फोड़ा और उसमें ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। कुछ ही देर में पूरी कार आग की चपेट में आ गई।
दमकल ने आग पर पाया काबू
कार में लगी आग का पता लगते ही दमकल और पुलिस को सूचित किया गया। दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घटना शहर के पॉश इलाके में हुई, जिससे स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
पहले भी कार का कांच फोड़ा
नरेश धनवानी ने बताया कि इससे पहले गुरुवार रात को भी किसी अज्ञात बदमाश ने घर के आंगन में खड़ी उनकी एमजे हेक्टर कार का कांच फोड़ दिया था। उस समय माधव नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। इसके कुछ दिन बाद रविवार रात को बदमाश ने घर के बाहर खड़ी दूसरी कार में आग लगा दी।
CCTV में रिकॉर्ड हुई घटना
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो बदमाश बाइक पर आते हैं। दोनों कार के पास आकर बाइक रोकते हैं। एक बदमाश पेट्रोल डालकर कार में आग लगाता है, जबकि दूसरा अपने मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड करता दिखाई देता है।