छतरपुर में पेंट गोदाम में आग, सीसीटीवी सामने आया: कचरा जलाते दिखा पड़ोसी; व्यापारी बोला- साजिश है, पुलिस ने दर्ज किया केस – Chhatarpur (MP) News

छतरपुर में पेंट गोदाम में आग, सीसीटीवी सामने आया:  कचरा जलाते दिखा पड़ोसी; व्यापारी बोला- साजिश है, पुलिस ने दर्ज किया केस – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर के नौगांव रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास स्थित एक पेंट गोदाम में भीषण आग लगने से करीब 1 करोड़ रुपए का नुकसान हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें पास की कूरियर कंपनी का कर्मचारी गोदाम के शटर के पास कचरा जलाते दिख रहा है। व्यापारी ने इसे साजिश बताते हुए पड़ोसियों पर आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने फुटेज के आधार पर लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पेंट गोदाम के बगल में स्थित एक कूरियर कार्यालय के कर्मचारी ने ठंड से बचने के लिए गोदाम की शटर के बाहर कचरा इकट्ठा कर उसमें आग लगा दी थी। आग धीरे-धीरे बढ़कर शटर के नीचे से गोदाम के भीतर पहुंच गई। देखते ही देखते वहां रखा पेंट और ज्वलनशील सामग्री धू-धू कर जलने लगी। दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। मालिक का आरोप- आग लगाई गई है गोदाम मालिक सुयश सूरोठिया ने कूरियर गोदाम के संचालक राजेंद्र साहू और रमाकांत साहू पर साजिशन आग लगाने का आरोप लगाया है। सुयश ने कहा, “सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि आग लगाने वाला सारा कचरा हमारे गोदाम के शटर के सामने ले गया और वहां आग लगा दी, जिससे आग गोदाम के अंदर पहुंच गई और पूरा गोदाम व उसमें रखा माल जलकर खाक हो गया। इससे मेरा करोड़ों का नुकसान हुआ है।” गोदाम का नहीं था इंश्योरेंस, 4 हजार बोरी पुट्टी जली सुयश सूरोठिया शहर के बड़े पेंट स्टॉकिस्ट हैं। उन्होंने बताया कि आगजनी में 90 लाख से 1 करोड़ रुपए का माल जल गया। गोदाम में एशियन, बर्जर, नेरोलैक जैसी नामी कंपनियों का पेंट और करीब 4 हजार बोरी पुट्टी रखी थी। दुखद पहलू यह है कि उनकी मुख्य दुकान का बीमा है, लेकिन इस गोदाम का कोई इंश्योरेंस नहीं था। नुकसान की भरपाई उन्हें खुद करनी पड़ेगी। आग में कंपनी से गिफ्ट मिले दो नए एसी और हिसाब-किताब के जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए। पुलिस बोली- लापरवाही दिख रही, केस दर्ज सीएसपी अरुण सोनी ने बताया, “गोदाम में आग लगने के मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति लापरवाहीपूर्वक आग जलाते हुए दिखाई दे रहा है। प्रथम दृष्टया यह मामला ठंड से बचने के लिए आग जलाने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन आग से भारी नुकसान हुआ है। पुलिस ने कोतवाली थाने में लापरवाहीपूर्ण आचरण के तहत दंडात्मक प्रावधानों में प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।”



Source link