प्याज रोपने के लिए ये समय सबसे अच्छा, लहलहाएगी खेती, बड़ा उगेगा कंद, एक्सपर्ट ने बताई काम की बात

प्याज रोपने के लिए ये समय सबसे अच्छा, लहलहाएगी खेती, बड़ा उगेगा कंद, एक्सपर्ट ने बताई काम की बात


Last Updated:

Onion Farming Tips: प्याज की बेहतर पैदावार के लिए सर्दियों में 15 दिसंबर से 30 जनवरी के बीच रोपाई करना सबसे उपयुक्त माना जाता है. इस दौरान पौधों की बढ़वार अच्छी होती है. प्याज की नर्सरी 30 से 35 दिन में रोपाई योग्य हो जाती है. लेकिन, सिंचाई और खाद डालने में इस बात का ख्याल रखें…

Agri Tips: मध्य प्रदेश का विंध्य क्षेत्र प्याज उत्पादन के लिए जाना जाता है. यहां अत्यधिक मात्रा में किसान रबी सीजन में प्याज की खेती करते हैं. प्याज की फसल पर लागत ज्यादा आती है, लेकिन अगर उत्पादन अच्छा हो जाए तो किसान लखपति तक बन सकते हैं. समस्या तब होती है, जब रोपाई के दौरान वैज्ञानिक विधि का पालन नहीं किया जाता. ऐसी गलतियों का सीधा असर पैदावार और गुणवत्ता पर पड़ता है. किसान सलाहकार अनुपम चतुर्वेदी ने लोकल 18 को बताया कि प्याज की रोपाई के लिए सर्दी का मौसम सबसे उपयुक्त माना जाता है.

खासतौर पर 15 दिसंबर से 30 जनवरी के बीच किया गया रोपण अच्छा उत्पादन देता है. इस अवधि में रोपाई करने से पौधों की बढ़वार अच्छी होती है और कंद का आकार भी बड़ा निकलता है. यदि सर्दी ज्यादा बनी रहे तो फरवरी के पहले सप्ताह तक भी रोपाई की जा सकती है. अनुपम चतुर्वेदी ने बताया कि धान कटाई के तुरंत बाद की गई रोपाई आमतौर पर हरे या कच्चे प्याज के लिए होती है, जबकि पका प्याज लेने के लिए सही समय पर रोपाई बेहद जरूरी है.

30-35 दिन में नर्सरी तैयार
अनुपम चतुर्वेदी ने बताया, प्याज की नर्सरी 30 से 35 दिन में रोपाई के लिए तैयार हो जाती है. अधिकतम 40 दिन के भीतर नर्सरी को खेत में लगा देना चाहिए, वरना उत्पादन पर नकारात्मक असर पड़ता है. रोपाई के समय पौधे से पौधे की दूरी 10 सेंटीमीटर और लाइन से लाइन की दूरी 20 सेंटीमीटर रखना आदर्श माना जाता है. इससे पौधों को पर्याप्त जगह मिलती है. खेत में पौध लगाने के एक से दो दिन बाद सिंचाई करें, तुरंत पानी देने से तेज बहाव में पौधे गिर सकते हैं और उनका जमाव सही नहीं हो पाता.

इस समय डालें खाद
खेत की तैयारी के दौरान ही खाद और उर्वरक डालना फायदेमंद होता है. प्रति एकड़ 40 किलो नाइट्रोजन, 20 किलो फास्फोरस और 25 किलो पोटाश देने की सलाह दी जाती है. वहीं, खरपतवार प्याज की खेती की बड़ी समस्या है. रोपाई के 20-25 दिन बाद खरपतवार उगने लगते हैं. इसके नियंत्रण के लिए स्ट्रोम-30 दवा का एक लीटर प्रति एकड़ 150 से 200 लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव किया जा सकता है. बाजार भाव को ध्यान में रखकर किस्मों का चयन करना भी जरूरी है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें

homeagriculture

प्याज रोपने के लिए ये समय सबसे अच्छा, लहलहाएगी खेती, बड़ा उगेगा कंद, जानें कब



Source link