कटनी कलेक्ट्रेट में लाडली बहना योजना को लेकर भीड़: अफवाहों के बीच घंटों चली धक्का-मुक्की, अधिकारियों ने दी समझाइश – Katni News

कटनी कलेक्ट्रेट में लाडली बहना योजना को लेकर भीड़:  अफवाहों के बीच घंटों चली धक्का-मुक्की, अधिकारियों ने दी समझाइश – Katni News




कटनी में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘लाडली बहना योजना’ को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में सैकड़ों महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फॉर्म जमा करने की होड़ में महिलाओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे घंटों तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, जिले में यह अफवाह फैल गई थी कि लाडली बहना योजना की राशि ₹1500 से बढ़ाकर ₹3000 की जा रही है, और इसके लिए नए सिरे से आवेदन करना अनिवार्य है। साथ ही, यह भी बताया गया कि जिन महिलाओं को अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है, उनके नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसी सूचना के बाद सुबह से ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचने लगीं। कलेक्ट्रेट की आवक-जावक शाखा में फॉर्म जमा करने के लिए महिलाओं की लंबी कतारें लग गईं। कई महिलाएं घंटों तक धूप और भीड़ में खड़ी रहीं, जिससे उनमें रोष भी देखा गया। कतार में खड़ी सरिता शर्मा और प्रिया केवट ने बताया कि वे योजना शुरू होने के बाद से ही लाभ से वंचित हैं और नाम जुड़वाने की उम्मीद में यहां आई हैं। वहीं, उर्मिला साहू और लीला वंशकार जैसी हितग्राहियों ने सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया। लीला वंशकार ने कहा, “हम सुबह से लाइन में लगे थे, अधिकारियों ने फॉर्म तो ले लिए लेकिन पावती नहीं दी। अधिकारी इसे अफवाह बता रहे हैं। अगर लाभ देना है तो सभी पात्र महिलाओं को समान रूप से दिया जाए।” भीड़ और हंगामे की स्थिति को देखते हुए अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र, एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाया कि शासन स्तर से राशि बढ़ाने या नए फॉर्म भरने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र ने बताया कि कलेक्ट्रेट में बड़ी संख्या में महिलाएं आवेदन लेकर पहुंची थीं क्योंकि किसी ने यह अफवाह फैला दी थी कि राशि बढ़ाई जा रही है और नए आवेदन जरूरी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल भ्रम की स्थिति में आई सभी महिलाओं के आवेदन प्राप्त कर लिए गए हैं, लेकिन वर्तमान में शासन की ओर से ऐसी कोई नई घोषणा या पोर्टल खोलने के निर्देश नहीं हैं।



Source link