देवेंद्रनगर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बांध के पास के जंगलों में मंगलवार, 20 जनवरी को एक तेंदुए ने बकरी चरा रही 50 वर्षीय महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। अन्य चरवाहों की हिम्मत और शोर-शराबे की वजह से महिला की जान तो बच गई, लेकिन वह बुरी तरह घायल हुई हैं। दाऊवन टोला की रहने वाली माया राव (50 वर्ष) हर दिन की तरह अन्य चरवाहों के साथ जंगल में बकरियां चराने गई थीं। जब वे बांध के ऊपरी हिस्से के पास पहुंची, तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। माया राव की चीख सुनकर आसपास मौजूद चरवाहे डंडे लेकर और शोर मचाते हुए उनकी तरफ दौड़े, जिसे देख तेंदुआ महिला को छोड़कर घने जंगल में भाग गया। अस्पताल में इलाज और तत्काल सहायता घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्रनगर ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी रमाकांत गर्ग अस्पताल पहुंचे और विभाग की ओर से फौरी राहत के तौर पर 1000 रुपए की नकद सहायता प्रदान की। स्थिति फिलहाल स्थिर देवेंद्रनगर बीएमओ डॉ. अभिषेक जैन ने बताया कि तेंदुए के हमले से महिला के शरीर पर दांतों और नाखूनों के गहरे निशान हैं। उनका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। फिलहाल महिला की स्थिति स्थिर है, लेकिन उन्हें डॉक्टरों की गहन निगरानी में रखा गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले न जाने की हिदायत दी है।
Source link