दरदरेपन में छुपा असली स्वाद, इंदौर की खाओ गली में ठंड आते ही उमड़ पड़ती भीड़,चटनी के बिना अधूरी ये डिश!

दरदरेपन में छुपा असली स्वाद, इंदौर की खाओ गली में ठंड आते ही उमड़ पड़ती भीड़,चटनी के बिना अधूरी ये डिश!


Indore Famous Street Food: इंदौर का छावनी बाजार सिर्फ एक बाजार नहीं, बल्कि स्वाद की पहचान है. इंदौर के सबसे पुराने बाजारों में गिने जाने वाले छावनी की सबसे बड़ी खासियत यहां की खाओ गली है. यहां आज भी करीब 10 से ज्यादा ऐसी नाश्ते की दुकानें हैं, जो सालों से अपने एक ही स्वाद पर टिकी हुई हैं.

जलेबी ही नहीं, मूंग के पकोड़े हैं असली स्टार
छावनी बाजार की जलेबी तो मशहूर है ही, लेकिन यहां के मूंग के पकोड़े असली जान माने जाते हैं. हालात ऐसे हैं कि सिर्फ छावनी के पकोड़े खाने के लिए लोग दूर-दूर से पैदल चलकर पहुंच जाते हैं. खासकर ठंड के मौसम में इन पकोड़ों की डिमांड इतनी बढ़ जाती है कि सुबह से शाम तक कड़ाही खाली होने का नाम नहीं लेती.

दरदरेपन में छुपा है असली स्वाद
छावनी के पकोड़ों की सबसे बड़ी खासियत है इनका दरदरा और कुरकुरा टेक्सचर. यहां दाल को जानबूझकर ज्यादा बारीक नहीं पीसा जाता. मूंग और उड़द की दाल को हल्का मोटा रखा जाता है, ताकि खाते वक्त दांतों में असली कुरकुरापन महसूस हो. यही वजह है कि छावनी के पकोड़े बाकी जगहों से अलग लगते हैं.

पीढ़ियों से चल रही है पकोड़ों की दुकान
सालों से यहां पकोड़ों की दुकान चला रहे महेंद्र कुमावत बताते हैं कि मूंग और उड़द की दाल में नमक और खड़ा धनिया डालकर घोल तैयार किया जाता है. इसके बाद इसमें इंदौर का फेमस जीरावन मसाला, अमचूर और धनिया पत्ती से बनी हरी चटनी का तड़का लगता है. साथ में तली हुई नमक लगी हरी मिर्च इस स्वाद को और भी खास बना देती है.

चटनी के बिना अधूरा है इंदौरी स्वाद
इंदौर में पकोड़े बिना चटनी के अधूरे माने जाते हैं. छावनी में इन भजियों को खास तौर पर पोदीना और इमली की चटनी के साथ परोसा जाता है. ऊपर से जीरावन और अमचूर छिड़कते ही हींग की खुशबू फैल जाती है, जो भूख को और भड़का देती है. यही वजह है कि 300 रुपये किलो होने के बावजूद यहां ग्राहकों की लाइन लगी रहती है.

घर पर बनाना चाहें तो ऐसे बनाएं
महेंद्र बताते हैं कि अगर कोई घर पर ये भजिए बनाना चाहता है, तो 1 किलो मूंग की दाल को आधे घंटे भिगोकर हल्का पीस लें. घोल को अच्छे से फेंटकर तलें और आखिर में हरी मिर्च, अदरक, सौंफ, खड़ा धनिया और हींग का पानी डालें. इससे फ्लेवर भी बढ़ेगा और तीखापन भी बना रहेगा.

ठंड में नाश्ते की पहली पसंद
तेल की कड़ाही से निकलते गरमागरम पकोड़ों पर जब लाल-हरी चटनी डाली जाती है, तो असली इंदौरी चटपटा स्वाद सामने आता है. ठंड के मौसम में ये पकोड़े नाश्ते के तौर पर लोगों की पहली पसंद बन जाते हैं.



Source link