बघेलखंडी सूप बढ़ाएगा इम्युनिटी और रखेगा एक्टिव, झटपट वाली रेसिपी

बघेलखंडी सूप बढ़ाएगा इम्युनिटी और रखेगा एक्टिव, झटपट वाली रेसिपी


सतना. सर्दियों के मौसम में जब ठंडी हवा हड्डियों तक कंपकंपी पैदा कर देती है, तब शरीर को अंदर से गर्म और मजबूत रखने के लिए कुछ खास खानपान की जरूरत होती है. ऐसे समय में बघेलखंडी स्टाइल वेजिटेबल सूप न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होता है बल्कि सेहत के लिहाज से भी किसी औषधि से कम नहीं माना जाता. यह सूप स्थानीय परंपराओं और मौसमी सब्जियों के सही मिक्सचर से तैयार किया जाता है, जो इम्युनिटी बढ़ाने, पाचन सुधारने और शरीर में ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है. लोकल 18 को जानकारी देते हुए सतना निवासी ज्योति तिवारी बताती हैं कि ठंड के दिनों में इस सूप को रोजाना या हफ्ते में दो-तीन बार पीना बेहद फायदेमंद माना जाता है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए.

बघेलखंड की रसोई हमेशा से सादगी, मौसमी सामग्री और संतुलित पोषण के लिए जानी जाती है. यहां बनने वाला वेजिटेबल सूप भी इसी परंपरा का हिस्सा है. ज्योति ने कहा कि इस सूप में किसी महंगे मसाले या रेडीमेड फ्लेवर की जरूरत नहीं होती. इसमें इस्तेमाल होने वाली सब्जियां जैसे- गाजर, पत्तागोभी, फ्रेंच बीन्स, मशरूम, ब्रोकली और स्प्रिंग अनियन बाजार में आसानी से मिल जाती हैं. अदरक और लहसुन इसकी आत्मा माने जाते हैं, जो सूप को गर्म तासीर और खास खुशबू देते हैं.

सेहत के लिए क्यों है खास?
इस सूप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह लो-कैलोरी होते हुए भी पोषक तत्वों से भरपूर होता है. गाजर से मिलने वाला विटामिन ए आंखों की रोशनी के लिए फायदेमंद है जबकि पत्तागोभी और ब्रोकली शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं. मशरूम प्रोटीन का अच्छा स्रोत है और फ्रेंच बीन्स फाइबर प्रदान करती हैं, जिससे पाचन दुरुस्त रहता है. अदरक और लहसुन सर्दी-जुकाम से बचाव में सहायक होते हैं.

बनाने का आसान तरीका
इस सूप को तैयार करने के लिए सबसे पहले सभी सब्जियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. एक कड़ाही या भारी तले के बर्तन में थोड़ा सा घी, बटर या तेल गर्म किया जाता है. इसमें बारीक कटा अदरक और लहसुन डालकर हल्का भूनते हैं ताकि खुशबू निकल आए. इसके बाद सारी सब्जियां डालकर मध्यम आंच पर एक-दो मिनट चलाते हैं. फिर जरूरत के अनुसार पानी मिलाकर नमक डालते हैं और सूप को उबलने देते हैं.

स्वाद और गाढ़ापन बढ़ाने का देसी नुस्खा
अगर सूप को थोड़ा गाढ़ा बनाना हो, तो एक चम्मच कॉर्न फ्लोर को दो चम्मच पानी में घोलकर सूप में मिलाया जा सकता है. इससे सूप की टेक्सचर स्मूद हो जाती है. अंत में काली मिर्च डालकर स्वाद बढ़ाया जाता है. कुछ लोग इसमें नींबू का रस भी मिलाते हैं, जिससे इसका स्वाद और पौष्टिकता दोनों बढ़ जाती हैं.

डाइट में क्यों करें शामिल?
ज्योति ने कहा कि यह सूप वजन कम करने वालों डायबिटीज के मरीजों और फिटनेस पसंद लोगों के लिए भी फायदेमंद है. यह शरीर को डिटॉक्स करता है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है. ठंड के दिनों में यह सूप एक हेल्दी स्टार्ट या लाइट डिनर भी बन सकता है.



Source link